शिक्षा मंत्री कंवर पाल गुर्जर ने रेवाड़ी में सुपर 100 ओरिएंटेशन प्रोग्राम का किया शुभारंभ
शिक्षा मंत्री कंवर पाल व जनस्वास्थ्य मंत्री डॉ. बनवारी लाल ने हरियाणा सुपर 100 के नए परिसर का किया शिलान्यास
न्यूज़ डेक्स संवाददाता
रेवाड़ी । हरियाणा सरकार में शिक्षा मंत्री कंवर पाल गुर्जर ने कहा कि प्रदेश में संसाधनों की कमी की वजह से राजकीय विद्यालयों के बच्चे कभी पीछे नहीं रहेंगे, ऐसे में सरकार हर पहलू पर फोकस रखते हुए शिक्षा विभाग के माध्यम से विद्यार्थियों को लाभान्वित कर रही है। मिशन बुनियाद व हरियाणा सुपर 100 सरीखे कार्यक्रमों के साथ गुणात्मक शिक्षा प्रदेश की युवा शक्ति को दी जा रही है। शिक्षा मंत्री गुरुवार को रेवाड़ी शहर में शिक्षा विभाग की ओर से आयोजित ओरिएंटेशन प्रोग्राम के शुभारम्भ अवसर पर बोल रहे थे। शिक्षा मंत्री ने जन स्वास्थ्य एवं सहकारिता मंत्री डॉ. बनवारी लाल के साथ राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सेक्टर 4 में हरियाणा सुपर 100 के नए परिसर का शिलान्यास भी किया। डीसी मोहम्मद इमरान रजा ने कार्यक्रम में पहुंचने पर मन्त्रीगण का स्वागत किया।
आत्मविश्वास के साथ लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढ़ें विद्यार्थी: कंवर पाल
शिक्षा मंत्री कंवर पाल गुर्जर ने आयोजित कार्यक्रम में युवा शक्ति को प्रेरित करते हुए कहा कि आत्मविश्वास के साथ बच्चे लक्ष्य निर्धारित कर जीवन में आगे बढ़ें। उन्होंने बताया कि हरियाणा सरकार बुनियाद कार्यक्रम के तहत 9वीं व 10वीं कक्षा में ऑनलाइन एजुकेशन प्रदत की जा रही है ।
और उसके साथ ही हरियाणा सुपर 100 प्रोग्राम के माध्यम से युवाओं के जीवन में उनके आईआईटी व एमबीबीएस के सपने को साकार करते हुए मार्गदर्शन दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आज समाज में बड़ा बदलाव आ रहा है और सरकारी विद्यालयों के प्रतिभावान बच्चे अब समाज की मुख्य धारा में कदमताल करते हुए जीवन में नई ऊंचाईयां छू रहे हैं। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार द्वारा जनसेवा को समर्पित होकर योजनाओं को मूर्त रूप दिया जा रहा है जिसका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक को मिल रहा है। उन्होंने विकल्प फाउंडेशन द्वारा सुपर 100 कार्यक्रम में निभाए जा रहे दायित्व पर उनकी कार्यशैली की सराहना की।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि हरियाणा सुपर 100, हरियाणा सरकार एवं विकल्प फाउंडेशन द्वारा शुरू की गयी एक अद्वितीय पहल है, जिसका उद्देश्य छात्रों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और प्रतिस्पर्धा का माहौल प्रदान करना है। यह एक आवासीय कार्यक्रम है जो विद्यार्थियों को आईआईटी और एनईईटी प्रवेश परीक्षा उत्तीर्ण करने के लिए प्रशिक्षण प्रदान करता है। हरियाणा स्कूल शिक्षा मंत्री ने सुपर 100 बैच 2023-25 में चयनित छात्रों को प्रोत्साहित करते हुए उन्हें भविष्य के लिए शुभकामनाएं भी दी।
योग्यता के आधार पर मिल रहे हैं युवाओं को रोजगार: डॉ. बनवारी लाल
जनस्वास्थ्य एवं सहकारिता मंत्री डॉ. बनवारी लाल ने कहा कि हरियाणा प्रदेश में रेवाड़ी जिला शिक्षा के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। आज बोर्ड परीक्षाओं में रेवाड़ी जिला के बच्चे प्रदेश के पहले पायदान पर खड़े होकर हमें गौरवांवित कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि हरियाणा प्रदेश में गुणात्मक शिक्षा दी जा रही है और मेरिट के आधार पर योग्य युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने उपस्थित जनसमूह को प्रेरित किया कि शिक्षा ही एक ऐसा माध्यम है जो व्यक्ति व परिवार को नई दिशा दे सकता है। उन्होंने कहा कि सुपर 100 कार्यक्रम के लिए रेवाड़ी में बनने वाला नया भवन देश को इंजीनियर, डाक्टर देने के साथ ही अच्छा इंसान बनाने में अपनी भूमिका निभाएगा। राष्ट्र निर्माण में यहां के युवा अपना फर्ज निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि बच्चों के विकास के लिए शिक्षा प्रदान करने में सरकार हर सम्भव सहयोग दे रही है।