न्यूज डेक्स संवाददाता
कुरुक्षेत्र। बुधवार को सीएम फ्लाइंग ने थानेसर नगर परिषद में छापेमारी की तो अलग अलग शाखाओं के 13 कर्मचारी व अधिकारी गैर हाजिर मिले। अब सीएम फ्लाइंग द्वारा इनकी रिपोर्ट बनाकर अधिकारियों को भेजी जाएगी। इसके अलावा टीम ने नगर परिषद की हाऊस टैक्स, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र सहित अन्य ब्रांचों का भी निरीक्षण किया और दस्तावेजों को भी जांचा। नगर परिषद कार्यालय में एकाएक हुई कार्रवाई से हड़कंप मच गया। एसआई अनिश के नेतृत्व में टीम ने नगर परिषद का प्रॉपर्टी रिकॉर्ड खंगाला व कर्मचारियों व अधिकारियों की हाजिरी रजिस्टर की अच्छे से जांच की गई।टीम में एसआई अनिश के अलावा प्रवेश कुमार व हैड कांस्टेबल प्रवीण कुमार मौजूद रहे।
सूत्रों के अनुसार सीएम फ्लाइंग टीम को लोगों की शिकायत मिल रही थी कि थानेसर नगर परिषद कार्यालय में अधिकारी व कर्मचारी समय पर नहीं पहुंच रहे हैं। कई बार कर्मचारी एक बार कार्यालय में आकर दिन भर बाहर रहते हैं। ऐसे में अपने काम करवाने के लिए आने वालों को भारी परेशानी होती है। लोग बार-बार अपने कामों के लिए चक्कर काटते रहते हैं, लेकिन हर बार सीट पर अधिकारी व कर्मचारी नहीं होने पर वापस लौटना पड़ता है। इसके चलते कार्रवाई की गई। कार्यालय का समय सुबह नौ बजे है और सीएम फ्लाइंग की टीम सुबह साढ़े 10 बजे नगर परिषद कार्यालय में पहुंची।
टीम ने कर्मचारियों का हाजिरी रजिस्टर चैक किया जिसमें 13 कर्मचारी गैर हाजिर पाए गए। इस पर सीएम फ्लाइंग की टीम ने सभी की सूची बनाई। इस दौरान टीम ने नगर परिषद में आए लोगों से भी बातचीत की। इसमें लोगों ने बताया कि कर्मचारियों के सीट पर नही मिलने के कारण उनके कार्य समय पर नही हो रहे है। वही नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी देवेंद्र नरवाल ने बताया कि सुबह करीब साढ़े 10 बजे नगर परिषद थानेसर में रूटीन चेकअप के लिए आई। उन्होंने बताया कि जो कर्मचारी अनुपस्थित थे, कार्यालय द्वारा रजिस्टर में एबसेंट मार्क दी गई थी, जिसका रिकॉर्ड टीम ने ले लिया है। इसके अलावा टीम को ब्रांच वाइज कार्यों बारे अपडेट दी गई और शाखाओं के दस्तावेज उपलब्ध कराए।