मेरा दामण सिमादे हो ओ ननदी के बीरा,गीत पर जमकर थिरके दर्शक
तुषार/ न्यूज डेक्स संवाददाता
चंडीगढ़। हरियाणा कला परिषद द्वारा विभिन्न अवसरों पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से प्रदेश की कला और संस्कृति को बढ़ावा देते हुए न केवल कलाकारों को मंच दिया जा रहा है, बल्कि युवा पीढ़ी का कला के प्रति जागरुक किया जा रहा है। इसी उद्देश्य को पूरा करते हरियाणा कला परिषद द्वारा अलग अलग विद्यालयों में उद्यम सिंह जयंती के अवसर पर सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आयोजित करवाई गई। जिसमें कलाकारों ने हरियाणवी रंगों से विद्यार्थियों को सराबोर करते हुए कार्यक्रम प्रस्तुत किया। यह जानकारी हरियाणा कला परिषद के मीडिया प्रभारी विकास शर्मा ने दी।
उन्होंने बताया कि राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, देवीदासपुरा तथा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, सेक्टर 13 में हरियाणा कला परिषद की ओर से कलाकारों ने हरियाणवी नृत्यों की प्रस्तुतियों से खूब रंग जमाया। कलाकारों ने हरियाणवी नृत्य तथा देशभक्ति व हरियाणवी लोकगीतो के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। एक ओर जहां हरियाणवी रीति-रिवाजों पर आधारित प्रस्तुतियां देकर लोगों का मन मोहा गया, वहीं रागनियों के माध्यम से कलाकारों ने हरियाणवी परिवेश के दर्शन कराए। इसके अलावा आजादी का अमृतमहोत्सव को सार्थक करते हुए देशभक्ति गीतों से मां भारती को नमन किया गया। मत छेड़ बलम मेरे चुंदड़ ने, मेरा दामण सिमादे हो ओ ननदी के बीरा, बन्ना गिरी छवारे छोले पर बनड़ी ना बोले तथा भांग रगड़ के पिया करुं मैं कुण्डी सोटे आला सूं आदि गीतों पर नृत्य कर कलाकारों ने विद्यार्थियों का भरपूर मनोरंजन किया।
विकास शर्मा ने बताया कि हरियाणा कला परिषद का मुख्य उद्देश्य प्रदेश की संस्कृति को विस्तार देकर जन जन तक पहुंचाना है, जिसके लिए निदेशक संजय भसीन द्वारा अथक प्रयास किये जा रहे हैं। इन्हीं प्रयासों के दौरान युवा वर्ग को संस्कृति से जोड़ने तथा हरियाणवी कला से रुबरु करवाने के लिए विद्यालय स्तरीय कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।