न्यूज डेक्स संवाददाता
कुरुक्षेत्र। श्रीलक्ष्मी रामलीला ड्रामाटिक क्लब विष्णु कॉलोनी द्वारा रेलवे रोड स्थित भगवान परशुराम चौंक के सामने पुराना थाना ग्राउंड में आयोजित रामलीला में शुक्रवार रात्रि कलाकारों ने लक्ष्मण मूर्छा,हनुमान जी द्वारा वैद्य सुषेण को लंका से उठाकर लाना और संजीवनी बूटी आदि प्रसंगों के दृश्य दिखाए गए। रामलीला दृश्यों के अंतराल में राम-लक्ष्मण द्वारा छोटे-छोटे बच्चों को लोरी दी गई। दर्शकों ने जय श्री राम का पवित्र उद्घोष किया। इस अवसर पर बर्फानी सेवा मंडल के महासचिव अजय गुप्ता ने बतौर मुख्यातिथि श्रीराम आरती में हिस्सा लिया।
क्लब के प्रधान मा. सुंदरलाल ने मुख्यातिथि को स्मृति चिह्न प्रदान किया।रामलीला के मंच पर अपने संबोधन में अजय गुप्ता ने कहा कि आज की व्यस्त जिंदगी में मनुष्य भौतिकवादी सुखों की ओर दौड़ रहा है, जिस कारण वह भारतीय संस्कृति को अनदेखा करके पाश्चात्य संस्कृति को अपना रहा है। रामलीलाओं जैसे मंचों से ही भारतीय संस्कृतिे जीवित है। उन्होंने दर्शकों से आहवान किया कि वे अपने बच्चों को रामलीलाओं में अवश्य लाऐं, जिससे उन्हें भारतीय संस्कृति और रामायण पात्रों के दर्शन हो सके।
रामलीला के मंच पर निर्देशक मोहन लाल नागपाल ने रावण,महेंद्र ठाकुर ने राम,सुभाष सैनी ने लक्ष्मण,अश्वनी कुमार ने मेघनाथ, कुलवंत सिंह भट्टी ने हनुमान, ओम प्रकाश चनालिया ने विभीषण, पारस सरदाना ने अंगद, रमेश चुघ ने वैद्य सुषेण, नितिन सिंगला ने सुग्रीव और गोविंद ने जामवंत का रोल किया। मंच का संचालन स्टेज सेकेट्ररी हुकमचंद धवन ने किया। कार्यक्रम में सरंक्षक सुरेंद्र कुमार गुप्ता,चेयरमैन राजिंद्र कुमार गर्ग,प्रधान मास्टर सुंदर लाल,उपप्रधान गुलशन कुमार रतडा, कोषाध्यक्ष ओमप्रकाश कालड़ा, रामअवतार मित्तल,मुख्य निर्देशक कुलवंत सिंह भट्टी,निर्देशक मोहन लाल नागपाल व सह निर्देशक राजेश बंसल आदि मौजूद रहे।