संदीप गौतम/न्यूज डेक्स संवाददाता
कुरुक्षेत्र 30 जुलाई। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के यूआईईटी संस्थान में अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद के दिशा-निर्देशो के अनुसार गुरूवार को संस्थान में पौधारोपण किया गया। यह जानकारी देते हुए संस्थान के निदेशक व डीन इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी प्रो. सीसी त्रिपाठी ने बताया कि अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद के दिशा निर्देशों की पालना करते हुए संस्थान में जामुन, आंवला, नीम, गुलमोहर, नींबू, गुडेल, चांदनी के पेड़ लगाए गए। उन्होंने कहा की पेड़-पौधे ही प्रकृति का ऐसा संसाधन है जो मानव जीवन के लिए बहुत उपयोगी है क्योंकि मानव जीवन प्रकृति के इन घटकों पर आश्रित है। इसलिए हर इंसान को अपने जीवन में पेड़ लगाकर उसे अपने बच्चों की तरह पालन-पोषण करना चाहिए ताकि पेड़ लगाने के बाद उसकी रक्षा करना हमारा उतना ही दायित्व बने जितना एक परिवार का मुखिया अपने परिवार के हर सदस्य के लिए करता है। पेड़ों को समय पर सिंचाई, गुड़ाई व खाद डालते रहना चाहिए। ताकि पेड़-पौधे जल्दी से बड़े होकर इंसान को उससे ज्यादा लाभ दे सके।
इस मौके पर प्रोफेसर सीसी त्रिपाठी ने यह भी बताया की जब पर्यावरण में प्रदूषक तत्व आ जाते हैं जोे मानव जीवन पर गहरा प्रभाव छोड़ते है। इससे बचने के लिए ज्यादा से ज्यादा पेड़ लगाने होंगे। तभी वहां पर प्रदूषक तत्वों का प्रभाव भी कम जायेगा। इसलिए हमें अपने जीवन में अधिक से अधिक पेड़ लगाने चाहिए।
इस अवसर पर यूआईईटी संस्थान के अधीक्षक मनीष खुराना, हरिकेश पपोसा, जसमेर सिंह, अमरेंद्र सिंह, गगनदीप, रितु रानी, अनिल, अरुणा, पवन रंगा, रविंदर तोमर, सुरेंद्र आदि ने संस्थान के निदेशक को बधाई देते हुए इस दिन को यादगार बनाने के लिए पेड़ लगाकर उन्हें भविष्य में देख-रेख का संकल्प लिया।