Home haryana करनाल नगर निगमः 378 करोड़ 58 लाख 18 हजार 843 रुपये का बजट पास

करनाल नगर निगमः 378 करोड़ 58 लाख 18 हजार 843 रुपये का बजट पास

by ND HINDUSTAN
0 comment

नए बजट में जन सुविधाएं बढ़ाने पर किया ज्यादा फोकस

कॉलोनी नियमितकरण मामलों में तेजी लाने के अधिकारियों को दिए निर्देश-महापौर रेनू बाला गुप्ता

पार्कों के रख-रखाव को लेकर आर.डब्ल्यू.ए. आएं आगे, आवारा कुत्तों व बंदरों से जल्द मिलेगी निजात-एजेंसी की तलाश जारी विकास कार्यों से नागरिकों को मिलेंगी सुविधाएं-निगमायुक्त अभिषेक मीणा 

हाऊस की मीटिंग में प्रस्तुत एजेंडा के 18 प्रस्तावों में से 16 हुए पास, 1 रखा लंबित तथा 1 किया रद्द, आउट ऑफ एजेंडा के तीनो प्रस्ताव हुए पास

संदीप गौतम/न्यूज डेक्स संवाददाता

करनाल। नगर निगम हाऊस की बैठक में नगर निगम के वित्तीय वर्ष 2023-24 का 378 करोड़ 58 लाख 18 हजार 843 रुपये का प्रस्तावित बजट, मंगलवार को पारित हो गया। यह बजट पिछले वित्तीय वर्षों की तुलना में काफी बेहतर कहा जा सकता है। खास यह है कि इसमें जन सुविधाओं पर खर्च को लेकर गत वर्ष की अपेक्षा ज्यादा जोर दिया गया है। मीटिंग की अध्यक्षता महापौर रेनू बाला गुप्ता ने की, जबकि नगर निगम आयुक्त अभिषेक मीणा, मुख्यमंत्री प्रतिनिधि संयज बठला, वरिष्ठï उप महापौर राजेश अग्घी, उप महापौर नवीन कुमार, निगम पार्षद और निगम के वरिष्ठï अधिकारी इसमें मौजूद रहे। दूसरी ओर 20 में से 18 निर्वाचित पार्षदों ने अपनी उपस्थिति दर्ज की, दो मनोनीत पार्षद भी मीटिंग में हाजिर हुए।  

यह था बजट-  वित्तीय वर्ष में 152 करोड़ 55 लाख 58 हजार 643 रुपये ओपनिंग बैलेंस दिखाया गया। वित्तीय वर्ष 2023-24 के लिए निगम के विभिन्न आय स्त्रोतों को शामिल कर कुल प्रस्तावित आय 378 करोड़ 58 लाख 18 हजार 843 रुपये दिखाया गया। जबकि नए वित्तीय वर्ष में 287 करोड़ 45 लाख 54 हजार 472 रुपये का प्रस्तावित व्यय दिखाया गया है। इसे देखते अंतिम शेष 91 करोड़ 12 लाख 64 हजार 371 रुपये बताया गया है। बता दें कि बीती 28 मार्च 2023 को हुई बजट मीटिंग में 273 करोड़ 8 हजार 763 रुपये का बजट पास हुआ था, परंतु बजट अनुमान पास होने के उपरांत इसकी प्रस्तावित आय व व्यय में कुछ तबदीलियां आ गई थी, इसलिए इसे आज की मीटिंग में सदन के समक्ष दोबारा रखा गया, जो सभी की सहमति से पास हो गया। 
कॉलोनी नियमितकरण मामलों में आएगी ओर तेजी- मीटिंग में महापौर रेनू बाला गुप्ता ने भवन शाखा को निर्देश दिए कि वह निगम क्षेत्र की कॉलोनियों के नियमितकरण मामलों में ओर तेजी लाएं। उन्होंने कहा कि अधिकारी साप्ताहिक 10-15 कॉलोनियों के लक्ष्य लेकर इस काम को आगामी 15 दिसंबर तक सिरे चढ़ाएं। जिन कॉलोनियों को अधिकतम क्षेत्र बसा हुआ है, उन्हें प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने डीटीपी को निर्देश दिए कि वह ऐसी कॉलोनियों के केस तैयार कर हाऊस से पास करवाकर उसे आगामी कार्यवाही हेतू सरकार को प्रेषित करें।  

पार्कों के रख-रखाव को लेकर आर.डब्ल्यू.ए. आएं आगे- मीटिंग में निगमायुक्त ने आर.डब्ल्यू.ए. से अपील की कि वह पार्कों की उचित रख-रखाव को लेकर आगे आएं। उन्होंने पार्षदों से भी आग्रह किया कि वह भी अपनी-अपनी आर.डब्ल्यू.ए. बना लें, ताकि ज्यादा से ज्यादा से पार्क रेजिडेंट वेल्फेयर्स को दिए जा सकें। उन्होंने कहा कि पार्क लेने के लिए आवेदन करने के 7 दिन के अंदर-अंदर पार्क सौंप दिए जाएंगे। इसके लिए सरकार की ओर से निर्धारित 4 रुपये प्रति वर्ग मीटर के हिसाब से पेमेंट भी की जाएगी। इसके अतिरिक्त उन्होंने कार्यकारी अभियंता बागवानी को निर्देश दिए कि पार्कों की मेन्टेनेंस करने वाली एजेंसी की ओर से काम ठीक प्रकार से नहीं किया जा रहा। इसके लिए पार्षदों की ओर से भी शिकायतें मिल रही हैं। उन्होंने कहा कि एजेंसी पर अब पैनल्टी लगाने की बजाए उसे ब्लैकलिस्ट किया जाए।  

निगमायुक्त ने बताया कि गली-मोहल्लों में भय का प्रयाय बने आवारा कुत्तों से नागरिकों को निजात मिलेगी। निगमायुक्त ने बताया कि भारत सरकार की ओर से जारी गाईडलाईन के अनुसार, ऐसे कुत्तों की नसबंदी करवाई जाएगी, इसका टैण्डर मंगलवार को ही खुलने जा रहा है। इसके अतिरिक्त शहर वासियों के लिए परेशानी का सबब बने बंदरों को भी जल्द पकड़ा जाएगा। इसके लिए नगर निगम की ओर से चोथी बार टैण्डर लगाया जाएगा। उन्होंने बताया कि उचित एजेंसी के आने पर यह कार्य जल्द शुरू करवाया जाएगा। इसके पहले भी टैण्डर लगाए जा चुके हैं, परंतु कोई एजेंसी क्वालिफाई नहीं कर पा रही थी। अब शर्तों में कुछ ढिलाई बरत कर जल्द पुन: टैण्डर लगाया जाएगा।   
                   

निगमायुक्त ने बताया कि मुगल कैनाल रोड, रेलवे रोड से बगवाडिय़ा गैस एजेंसी रोड तथा दहा-मंगलपुरा रोड के निर्माण कार्य में आने वाली लागत की अनुमति मुख्यालय से मिल गई है। उन्होंने सम्बंधित कार्यकारी अभियंता को निर्देश दिए कि वह जल्द से जल्द इनका टैण्डर लगाए, ताकि यह कार्य शुरू करवाए जा सकें। उन्होंने कहा कि वे स्वयं इस कार्य की मॉनिटरिंग करें, इसमें देरी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि अधिकारी समयबद्घ होकर कार्य करें। उन्होंने पार्षदों को बताया कि नगर निगम डायरी प्रेषण कार्य का जल्द डिजिटलीकरण करने जा रहा है, इसके लिए उन्होंने उप निगमायुक्त की ड्यूटी लगाई। उन्होंने कहा कि ऐसा करने से शिकायतों पर समय पर कार्रवाई सुनिश्चित होगी। उन्होंने बताया कि शहर को अतिक्रमण मुक्त करने के लिए विशेष अभियान चलाया गया है, जो अतिक्रमण मुक्त होने तक जारी रहेगा। इसके अतिरिक्त अनाधिकृत रूप से लगाए गए बोर्डों पर भी नियमित कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने रोशनी शाखा के अभियंताओं को निर्देश दिए कि त्यौहारों का सीजन आने वाला है, शहर विशेषकर मार्किट क्षेत्रों की सभी स्ट्रीट लाईटें चालू हालत में होनी चाहिएं।    
हाऊस की मीटिंग में प्रस्तुत एजेंडा के 18 प्रस्तावों में से 16 हुए पास, 1 रखा लंबित तथा 1 किया रद्द- मंगलवार को हुई हाऊस की मीटिंग में 18 प्रस्तावों का एजेंडा रखा गया था, जिसमें से 16 प्रस्तावों पर मीटिंग में मौजूद पार्षदों ने अपनी सहमति देकर पास करवाया, 1 एजेंडा को लंबित रखा गया तथा 1 एजेंडा को पार्षदों के कहने पर रद्द कर दिया गया। इसी प्रकार आऊट ऑफ एजेंडा के भी 3 प्रस्ताव थे। हाऊस द्वारा यह सभी पास कर दिए गए। सदन में वार्ड 5 व 18 के पार्षद को छोड़ शेष सभी पार्षद मौजूद रहे। करीब 4 घण्टे चली मीटिंग शांतिपूर्ण सम्पन्न हो गई। सचिव बल सिंह ने एजेंडा प्रस्तुत किया।  

यह थे प्रस्ताव- 18 प्रस्तावों के एजेंडा में से 1 बीती 28 मार्च को हुई बैठक की कार्रवाई की पुष्टि करने को लेकर था। 
प्रस्ताव-2 पिंगली डेयरी परियोजना में प्लॉटों की अलॉटमेंट बारे था, जो हाऊस की सर्वसम्मत्ति से पास हो गया। इस बिन्दू में निगमायुक्त ने  संयुक्त आयुक्त अदिति को निर्देश दिए कि वेइसे लेकर स्पष्टï पॉलिसी बनाए, ताकि डेयरी संचालकों को इसका लाभ दिया जा सके। डेयरी संचालकों को इसकी सूचना भी दी जाए। पिंगली डेयरी स्थल पर सुविधाओं को लेकर उन्होंने एक्सईएन सतीश शर्मा को निर्देश दिए कि जिन प्लॉटों की नींव का कार्य पूरा हो गया है, अगले 10 दिनों में 3 फुट तक उनकी मिट्टïी भराई का कार्य पूर्ण करें। एक्सईएन प्रियंका सैनी को निर्देश दिए कि अगले एक माह में सभी स्ट्रीट लाईटें दुरूस्त हो जानी चाहिए। 
प्रस्ताव-3 शिव कॉलोनी में सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट में खाली पड़ी भूमि पर 33 के.वी. का सब-स्टेशन लगाने हेतू भूमि उपलब्ध करवाने को लेकर था, जिसे सदन द्वारा अस्वीकार करते हुए रद्द कर दिया गया। 
प्रस्ताव-4 संशोधित बजट अनुमानों की स्वीकृति प्रदान करने को लेकर था, जिसे सदन की सहमति से पास कर दिया गया। 
प्रस्ताव-5 ट्यूबवेल ऑप्रेटरों की सैलरी को लेकर था, जो पास कर दिया गया। 
प्रस्ताव-6 नगर निगम करनाल की गौशाला में स्थित दुधारू व गर्भवती गायों को खुली बोली के माध्यम से बेचने का प्रस्ताव/मद पास करने को लेकर सदन के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जो पार्षदों की सहमति से पास कर दिया गया। 
प्रस्ताव-7 वार्ड नम्बर 10 के सैक्टर-13 स्थित महर्षि दयानंद चौक को आर्य समाज संस्था सैक्टर-13 को देने बारे था, यह प्रस्ताव पास हो गया। 
प्रस्ताव-8 चन्द्रयान-3 की सफलतापूर्वक चाँद पर सॉफ्ट लैंडिंग होने बारे धन्यवाद प्रस्ताव पारित करने बारे था। इसके साथ ही महापौर ने इसरो द्वारा भेजे गए सूर्यायान आदित्य एल-1 की लाँचिंग और जी-20 सम्मेलन की भारत में पहली बार मेजबानी होने पर धन्यवाद प्रस्ताव रखा गया, जिसे सदन द्वारा ऊंची ध्वनि में पास किया गया। 
प्रस्ताव-9 ई.वी.एम. और वी.वी.पी.ए.टी. वेयरहाऊस के निर्माण को लेकर था। इसके लिए सैदपुरा गांव में 2500 वर्ग मीटर भूमि चिन्हित की गई थी। परंतु वार्ड 20 के पार्षद मोनू ने कहा कि जो जगह चिन्हित की गई है, वहां पर हाऊस द्वारा पहले से ही स्टेडियम का निर्माण किए जाने को लेकर प्रस्ताव पास है, इसके लिए किसी अन्य जगह की तलाश की जाए। वार्ड 4 के पार्षद प्रतिनिधि भूपेन्द्र नौतना ने कहा कि उनके वार्ड में खसरा नम्बर 7786 में 2500 वर्ग मीटर जगह उपलब्ध है, वहां पर इसका निर्माण किया जा सकता है। इस पर सदन ने अपनी सहमति जाहिर करते हुए इसे प्रस्ताव को पास कर दिया। 
प्रस्ताव-10 डबल स्टोरी दुकान नम्बर 2 व 3, योजना नम्बर 20, आऊटसाईड जुण्डला गेट करनाल को, भारत विकास परिषद कृष्णा शाखा संस्था को लीज पर देने तथा किराया बढ़ाए जाने बारे था। महापौर ने बताया कि यह संस्था नागरिकों को नि:शुल्क चिकित्सा सेवाएं प्रदान करती है। इसके लिए इसका किराया ज्यादा न बढ़ाते हुए मात्र 1100 रुपये मासिक किराया रखा जाए तथा संस्था को यह दुकाने आगामी 20 वर्षों के लिए लीज़ पर दे दी जाए। सदन द्वारा एकमत होकर इस प्रस्ताव को पास किया गया। 
प्रस्ताव-11 हकीकत नगर में 10 एमएलडी एसटीपी व शिव कॉलोनी में 8 एमएलडी एसटीपी में सूक्ष्म सिंचाई योजना के अंतर्गत निर्माण करने की स्वीकृति प्रदान करने बारे था, जिसे सदन द्वारा पास कर दिया गया। 
प्रस्ताव-12 सैक्टर-4 स्थित 50 एमएलडी एसटीपी पर सिंचाई विभाग को सूक्ष्म सिंचाई उद्देश्य के लिए भूमि उपलब्ध करवाने बारे था, जिसे सदन ने पास कर दिया गया। 
प्रस्ताव-13, 14, 15 व 16- वार्ड नम्बर 3, 4, 6 व 11 में विकास कार्य करवाए जाने को लेकर था, सभी पार्षदों की सहमति से यह प्रस्ताव पास हो गए। 
प्रस्ताव-17 अखाड़ा व्यायामशाला कुश्ती के लिए गांव सैदपुरा में जमीन उपलब्ध करवाने बारे था। वार्ड नम्बर 20 के पार्षद मोनू ने कहा कि जिस जगह की मांग की गई है, उस जगह पर स्टेडियम निर्माण को लेकर रिज़ोल्यूशन पास है। उन्होंने कहा कि यह जांच का विषय है, इसकी जांच करवाकर आगामी हाऊस की मीटिंग में इसे दोबारा प्रस्तुत किया जाए, तब तक इसे लंबित रखा जाए। सदन द्वारा यह प्रस्ताव लंबित रखा गया।

प्रस्ताव-18 म्यूर ढाबे के साथ लगती कृषि भूमि जो श्री संदीप लाठर द्वारा किराये पर ली हुई थी, को आगामी 5 वर्षों के लिए किराये पर देने बारे तथा म्यूर ढाबे के साथ लगती कृषि भूमि पर किए गए अवैध कब्जे को छुड़वाने बारे था। बताया गया कि संदीप लाठर द्वारा लिखित रूप में दिया गया है कि वह इसके लिए किराया वृद्वि व अन्य शर्तें भी मानने के लिए तैयार हैं। प्रस्ताव में बताया गया कि रेंट पॉलिसी के अनुसार इसका किराया भी बढ़ाया गया है, जो 21 हजार 900 रुपये प्रतिमाह (टैक्स अतिरिक्त) रहेगा। इस प्रस्ताव को भी सभी पार्षदों के सहमति से पास कर दिया गया।          

आऊट ऑफ एजेंडा के यह प्रस्ताव भी हुए पास- मंगलवार को हुई सदन की बैठक में आऊट ऑफ एजेंडा के 3 प्रस्ताव रखे गए थे। यह वार्ड नम्बर 4, 5 व 20 में विकास कार्य करवाए जाने को लेकर थे, जिसे सभी पार्षदों द्वारा एकमत से पास कर दिया गया।  नगर निगम हाऊस की मीटिंग में अतिरिक्त आयुक्त गौरव कुमार, संयुक्त आयुक्त अदिति, अधीक्षण अभियंता श्याम सिंह, उप निगमायुक्त विनोद नेहरा, वरिष्ठï लेखा अधिकारी बलविन्द्र कुमार जग्घी तथा अन्य अधिकारी मौजूद रहे। 

You may also like

Leave a Comment

NewZdex is an online platform to read new , National and international news will be avavible at news portal

Edtior's Picks

Latest Articles

Are you sure want to unlock this post?
Unlock left : 0
Are you sure want to cancel subscription?