कुरुक्षेत्र में हिन्दी फिल्म 48 कोस की शूटिंग जारी
यशबाबू एंटरटेनमेंट द्वारा किया जा रहा है फिल्म का निर्माण
न्यूज डेक्स संवाददाता
कुरुक्षेत्र, 6 दिसंबर। कुरुक्षेत्र में इस समय जहां 48 कोस में अंतर्राष्ट्रीय गीता जयंती महोत्सव मनाने की तैयारियां चल रही हैं वहीं इसी बीच भारतीय सभ्यता संस्कृति और संस्कारों पर आधारित हिन्दी फिल्म 48 कोस की शूटिंग जारी है। फिल्म में गुरुकुल के आचार्य का किरदार निभा रहे प्रसिद्ध फिल्म कलाकार पंकज बेरी व फिल्म के अन्य कलाकार आज पत्रकारों से रूबरू हुए। पत्रकारों से बातचीत करते हुए पंकज बेरी ने बताया कि हरियाणवी फॉक म्यूजिक को सरकार की ओर से बढ़ावा मिलना चाहिए क्योंकि हरियाणवी फॉक म्यूजिक किसी भी लिहाज से पंजाब के फॉक म्यूजिक से कम नहीं है।
आज हरियाणा की संस्कृति और भाषा ने बॉलीवुड का ध्यान अपनी ओर खींचा है। ऐसे में यदि प्रदेश सरकार हरियाणा में फिल्म सिटी और फिल्मों को प्रोत्साहन दे तो हरियाणवी कल्चरल और संस्कृति देश दुनिया को अपनी ओर आकर्षित करेगी जिससे कला और रोजगार की दृष्टि से भी हरियाणा को लाभ मिलेगा। मूल रूप से अंबाला के बलदेव नगर में जन्मे पंकज बेरी पिछले 32 वर्षों से हिन्दी सिनेमा और टीवी धारावाहिकों में सक्रिय हैं। वे कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के विद्यार्थी रह चुके हैं। थियेटर से जुड़े पंकज बेरी ने गुल गुलशन गुल्फाम, तमस, स्वाभिमान जैसे धारावाहिकों में अहम किरदार निभाने के साथ-साथ हाल ही में तैनाली रामा सिरियल में तथाचार्य के अमर किरदार को निभाकर करोड़ों दर्शकों को अपनी अदाकारी का मुरीद बना दिया है।
वे अब तक 100 से अधिक फिल्मों, 300 से अधिक सीरियलों में काम कर चुके हैं। कुरुक्षेत्र में विद्या भारती परिसर में यशबाबू एंटरनेटमेंट द्वारा निर्मित फिल्म 48 कोस में अहम किरदार निभा रहे पंकज बेरी के साथ फिल्म के निर्माता राजिन्द्र वर्मा व अन्य कलाकार जागृति ठाकुर, पारुल कौशिक, अनिल वर्मा, विकास रलहन, जस्सी रलहन, अनमोल काठपाल सहित डॉ रामेन्द्र सिंह, गौरव चौधरी, स्वामी हरिओम दास परिव्राजक आदि मौजूद रहे। फिल्म के निर्माता-निर्देशक राजिन्द्र वर्मा यशबाबू ने बताया कि सत्य घटना पर आधारित फिल्म 48 कोस भारतीय सभ्यता, संस्कृति और संस्कारों से ओत-प्रोत एक सामाजिक संदेश देने वाली कहानी पर आधारित फिल्म है जिसकी शूटिंग कुरुक्षेत्र की परिक्रमा में स्थित शहरों में की जाएगी।
फिल्म में कईं नामी गिरामी और थियेटर से जुड़े कलाकार शामिल हैं। फिल्म की शूटिंग कुरुक्षेत्र के विद्या भारती संस्थान परिसर के अलावा वात्सल्य वाटिका में रविवार को की गई। गौरतलब है कि यशबाबू एंटरटेनमेंट द्वारा इससे पूर्व भी ए डाटर्स टेल : पंख, अद्भुत लाडली, फोर्टी प्लस जैसी उम्दा फिल्मों का निर्माण किया गया है।