न्यूज डेक्स हरियाणा
पंचकूला/ चंडीगढ़ 8 दिसंबर। कुरुक्षेत्र से भाजपा सांसद नायब सिंह सैनी का कहना है कि कांग्रेस पार्टी किसानों के कंधे पर बंदूक रखकर अपनी जमीन तलाश रही है। किसानों को झूठ बोलकर गुमराह किया जा रहा है। कांग्रेस पार्टी ने ही साल 2019 में अपने चुनावी घोषणा पत्र में चुनाव जीतने पर इन तीनों कृषि कानूनों को लागू करने का वायदा किया था। अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा सरकार यह तीनों कानून लागू कर रही है तो कांग्रेस के पेट में दर्द हो रहा है।
सांसद नायब सैनी ने मंगलवार को सेक्टर 2 स्थित पार्टी ऑफिस में बातचीत के दौरान कहा कि कांग्रेस की फितरत है कि लोगों को आपस में बांट कर राजनीति चलती रही। देश को कमजोर किया जा रहा है। किसानों को भड़काकर किसानों को कमजोर किया जा रहा है। पीएम मोदी के शासन में आतंकवाद पर लगामा लगी है। देश आंतरिक रूप से सुरक्षित हुआ है। बॉर्डर पार से देश में घुसपैठ कर आतंकवादी घटनाओं को अंजाम देने के लिए आने वालों को ऊपर का रास्ता दिखाया जा रहा है। ऐसे में विपक्ष का देश को कमजोर करने का रवैया चिंताजनक है।
उनका आरोप है कि वोट बैंक के तौर पर किसानों को इस्तेमाल करते हुए कांग्रेस पार्टी इससे पहले भी किसानों को भड़का चुकी है। एक बार यह भ्रम फैलाने की कोशिश की गई थी कि भाखड़ा बांध में पानी से बिजली निकाल कर किसानों को फोका पानी दिया जा रहा है। नायब सैनी का कहना है कि कांग्रेस के शासन में 1998 से पहले किसानों को 18 परसेंट ब्याज पर फसली ऋण मिलता था जबकि किसी साहुकार को कार लोन पर 8 से 12 परसेंट ब्याज था। साल 1998 में दिवंगत प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने फसली ऋण पर ब्याज घटाकर 12 परसेंट किया।
इसके बाद इसे घटाकर 9 परसेंट और फिर 7 परसेंट किया। इसके बाद कांग्रेस की दस साल सरकार रही लेकिन ब्याज में कोई कटौती नहीं की गई। साल 2014 में नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री बने तो इसे घटाकर 4 परसेंट कर दिया गया है। ऐसे में किस मुंह से कांग्रेस पार्टी किसानों की हितैषी बन रही है। केंद्र सरकार ने किसानों के लिए कृषि सिचाई योजना, भूमि टैस्टिंग लैब, फसल बीमा योजना, एमएसपी को बढ़ाया गया है। पीएम मोदी के कार्यकाल में फसलों का एमएसपी डेढ़ परसेंट बढ़ा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी साल 2022 तक किसानों की आमदन दोगुनी करने के लिए काम कर रहे हैं। इसी उद्देश्य से तीनों कृषि विधेयक लागू किए गए हैं।
कांग्रेस झूठ का सहारा लेकर किसानों को गुमराह कर गंदी राजनीति कर रही है। पंजाब में अगले साल चुनाव होने के कारण ही कांग्रेस, शिरोमणि अकाली दल और आम आदमी पार्टी किसान हितैषी होने का दावा कर रही हैं। उनमें किसानों को दिल्ली ले जाने के लिए होड़ लगी है। पीएम नरेंद्र मोदी वायदा कर चुके हैं कि न तो कहीं मंडी बंद होगी और न ही एमएसपी खत्म होगा। इसके विपरित हर साल एमएसपी में बढ़ोतरी की जाएगी। कांग्रेस केवल राजनीतिक ग्राउंड तलाशन के लिए हर नीति का विरोध कर रही है। इससे पहले जेएंडके से धारा 370 हटाने का कांग्रेस विरोध कर चुकी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि किसानों की समस्या का जल्द ही समाधान होगा। सरकार कानून में बदलाव कर किसान हित में फैसला लेगी।