पंचकूला,14 दिसंबर। नगर निगम के संयुक्त आयुक्त संयम गर्ग व कार्यकारी अधिकारी जरनैल सिंह ने सेक्टर- 14 स्थित नगर निगम कार्यालय के प्रांगण में आयोजित रक्तदान शिविर का रक्तदाताओं को बैज लगाकर शुभारंभ किया। इस मौके पर निगम की ओर से सुनील कुमार व अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे। इस अवसर पर संयुक्त आयुक्त ने बताया कि यह जागरूकता रक्तदान शिविर नगर निगम, जिला रेडक्राॅस सोसायटी व श्री शिव कावड महासंघ चेरिटेबल ट्रस्ट पंचकूला द्वारा आयोजित किया गया।
आयुक्त ने रक्तदाताओं का मनोबल बढ़ाते हुए कहा कि उन्हें इस प्रकार के शिविरों में बढ़चढ़कर भाग लेना चाहिए, क्योंकि उनके द्वारा दान किया गया रक्त किसी के जीवन में रोशन यानि जीवन बचाने में सहायक सिद्ध होता है। केवल मानव का रक्त ही एकमात्र विकल्प है, जो दूसरों की जान बचाने में सहायक सिद्ध होता है। उन्होंने कहा कि वैज्ञानिकों के अनुसार भी मनुष्य के रक्त के अलावा और दूसरा इस दिशा में विकल्प नहीं है।
कार्यकारी अधिकारी ने कहा कि रक्तदान शिविर में सेनिटाईजर व सामाजिक दूरी का विशेष तौर पर ध्यान रखा गया है। उन्होंने संघ और रेडक्राॅस सोसायटी की सराहना करते हुए कहा कि इन कठोर परिस्थितियों में रक्तदान शिविर आयोजित करने की दिशा में उठाया गया यह कदम सराहनीय प्रयास है। उल्लेखनीय है कि रक्तदान शिविर में 50 रक्तदाताओं ने चंडीगढ पीजीआई के डाॅक्टरों के नेतृत्व में रक्तदान किया। इसके साथ-साथ 10 लोगों ने अन्न दान करने की शपथ भी ली।