ज्योतिसर, पिहोवा, शाहबाद और लाडवा में भी होगा 16 फरवरी को कार्यक्रमों का आयोजन
एडीसी ने ज्योतिसर कार्यक्रम की स्थल की तैयारियों का लिया जायजा
न्यूज़ डेक्स संवाददाता
कुरुक्षेत्र । अतिरिक्त उपायुक्त डा. वैशाली शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 16 फरवरी को रेवाड़ी से गीता स्थली में ज्योतिसर अनुभव केंद्र का ऑनलाइन प्रणाली से उद्घाटन करके कुरुक्षेत्र के नागरिकों को एक सौगात देंगे। इस कार्यक्रम को लेकर पिहोवा के रामलीला भवन, शाहबाद में आर्य कन्या महाविद्यालय के ऑडिटोरियम हॉल व लाडवा अनाज मंडी में भी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों को लेकर तैयारियां की जा रही है।
अतिरिक्त उपायुक्त डा. वैशाली शर्मा बुधवार को ज्योतिसर में होने वाले कार्यक्रमों की तैयारियों का जायजा लेने के उपरांत बातचीत कर रही थी। इससे पहले एडीसी डा. वैशाली शर्मा, कुरुक्षेत्र 48 कोस तीर्थ निगरानी कमेटी के चेयरमैन मदन मोहन छाबड़ा, एनआईसी अधिकारी विनोद सिंगला, एडीआईओ भारती, जेई मुकेश, पीओ निर्मल ने कार्यक्रम स्थल का अवलोकन कर तैयारियों का जायजा लिया। एडीसी ने कहा कि गीता स्थली ज्योतिसर विश्व का सबसे बेहतरीन पर्यटन स्थल के रूप में अपनी पहचान बनाएगा। इस ज्योतिसर अनुभव केंद्र का उदघाटन 16 फरवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रेवाड़ी से ऑनलाईन प्रणाली से करने जा रहे है।