सीवरेज सिस्टम चौक होने की समस्या के समाधान के लिए उठाए जाएंगे कदम
नगर निगम के वार्ड नंबर नौ में पहुंची विकसित भारत संकल्प यात्रा जनसंवाद, सैकड़ों लोगों ने उठाया लाभ
न्यूज डेक्स संवाददाता
यमुनानगर।विधायक घनश्याम दास अरोड़ा ने कहा कि जल्द ही निरंकारी भवन के सामने वाली सड़क बनाई जाएगी। पुराना हमीदा के पास रिवर फ्रंट बनाया जाएगा। एक हजार करोड़ रुपये की लागत से पांजूपुर में मेडिकल कॉलेज बन रहा है। जिसकी सौगात दो साल में मिल जाएगी। पांसरा फाटक के पास ओवर ब्रिज बनाया जाएगा। शहर में सीवरेज सिस्टम चौक होने की समस्या का समाधान के लिए कदम उठाए जाएंगे। इसको लेकर वह उच्च अधिकारियों से बात करेंगे। सात वार्डों की सफाई का टेंडर लग गया है। जल्द ही सफाई व्यवस्था बेहतर होगी। एनडीसी पोर्टल पर अवैध प्लाटों की समस्या का जल्द समाधान होगा। बिना मकान के रह रहे लोगों को आवास देने का सरकार कार्य कर रही है। यह सभी कार्य भारत को विकसित बनाने की एक कड़ी का कार्य करेंगे। विधायक अरोड़ा सोमवार को नगर निगम के वार्ड नंबर नौ में प्यारा चौक के पास पूर्व सीनियर डिप्टी मेयर पवन बिट्टू के घर के सामने आयोजित विकसित भारत संकल्प यात्रा जनसंवाद कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम में निवर्तमान मेयर मदन चौहान अति विशिष्ट अतिथि व भाजपा जिला अध्यक्ष राजेश सपरा विशिष्ट अतिथि रहे। उप निगम आयुक्त डा. विजय पाल यादव व एमई कुलदीप यादव ने अतिथियों का पुष्प गुच्छ देकर अभिनंदन किया। उन्होंने सरकारी योजनाओं का मौके पर लाभ लेने के लिए लगाए गए स्टॉलों का जायजा लिया।मुख्य अतिथि घनश्याम दास अरोड़ाने सभी को 2047 तक भारत को विकसित बनाने की शपथ दिलाई। जनसंवाद कार्यक्रम के तहत उन्होंने क्षेत्र के लोगों की समस्याएं सुनी और उनका समाधान कराने का आश्वासन दिया। मौके पर प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य देवेंद्र चावला, राम निवास गर्ग, भाजपा जिला उपाध्यक्ष नितिन कपूर, उप निगम आयुक्त डा. विजय पाल यादव, क्षेत्रीय कराधान अधिकारी अजय वालिया, एमई कुलदीप यादव, सीएसआई हरजीत सिंह, निवर्तमान पार्षद भावना बिट्टू, पूर्व सीनियर डिप्टी मेयर पवन बिट्टू, करनेश शर्मा, विजय बब्बर, संजीव गोंदी, बीके मेहता आदि मौजूद रहे।
नौ के मौके पर बने आयुष्मान कार्ड, सात की बनी पेंशन
कार्यक्रम में नौ लोगों के मौके पर आयुष्मान कार्ड व पांच लोगों के बीपीएल कार्ड बनाए गए। इसके अलावा एक विधुर पेंशन समेत सात लोगों की नई पेंशन बनाई गई। जिन्हें मुख्य अतिथि विधायक अरोड़ा व अन्य द्वारा कार्ड वितरित किए गए। इसके अलावा प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पांच लोगों को पक्के मकान बनाने, पीएम स्वनिधि योजना के तहत लोन लेकर स्वरोजगार करने वाले चार लाभार्थियों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री शहरी निकाय स्वामित्व योजना के तहत देवेंद्र गुलाटी व हरीश कुमार की दुकानों की रजिस्ट्री कराई गई। संकल्प यात्रा क्विज प्रतियोगिता में माधव, धनव व अरिंधिम ने अव्वल स्थान प्राप्त किया। कार्यक्रम में बेहतर कार्य करने पर सफाई कर्मचारी जोनी, ललतिष, सुमेर चंद, सोशल कार्य करने पर टीडी सोनी, करनेश शर्मा, गुरमीत चावला को मुख्य अतिथि ने मेडल पहनाकर सम्मानित किया।