मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल सूरजकुण्ड मेला ग्राउंड से दिखाएंगे मैराथन को झंडी और विजेता प्रतिभागियों को करेंगे सम्मानित
– मुख्यमंत्री कार्यालय में विशेष अधिकारी पंकज नैन, व उपायुक्त विक्रम सिंह सहित तमाम प्रशासनिक तथा पुलिस अधिकारियों ने सूरजकुंड मेला ग्राउंड पहुंच कर किया निरक्षण
मैराथन खत्म होने से तीन घंटे बाद https://faridabadhalfmarathon.com/ वेबसाईट से डाउनलोड कर सकते हैं सर्टिफिकेट, पांच किलोमीटर में दौडऩे वाले धावकों के लिए डिजिटल पार्टिसिपेशन सर्टिफिकेट भी मिलेगा
न्यूज़ डेक्स संवाददाता
चण्डीगढ़। फरीदाबाद के सूरजकुण्ड मेला ग्राउंड से रविवार की सुबह आयोजित होने एनसीआर के सबसे बड़ा इवेंट “फरीदाबाद हाफ मैराथन” की सभी तैयारियां पूरी हो चुकी है। मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल इस मैराथन को झंडी दिखाकर रवाना करेंगे और विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित करेंगे। फरीदाबाद हाफ मैराथन को लेकर लोगों में जमकर उत्साह है और मैराथन के लिए एक लाख से अधिक पंजीकरण हुआ है।
इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री श्री कृष्ण पाल गुर्जर तथा प्रदेश के कैबिनेट मंत्री श्री मूल चंद शर्मा व अन्य विशिष्ट जन भी उपस्थित रहेंगे।
मुख्यमंत्री कार्यालय में विशेष अधिकारी (सामुदायिक पुलिसिंग और आउटरीच)
श्री पंकज नैन और फरीदाबाद के उपायुक्त श्री विक्रम सिंह ने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ शनिवार को फरीदाबाद हॉफ मैराथन के ग्राउंड और मैराथन के रूट का निरीक्षण किया। उन्होंने मैराथन के प्रमुख पॉइंट्स जिसमें रूट, मंच, ग्राउंड , स्टेज, फ्लैग ऑफ स्टैंड सहित तमाम व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी ली और आवश्यक निर्देश दिए।
उल्लेखनीय है कि फरीदाबाद हाफ मैराथन को अब वर्ल्ड रनिंग एजेंसी एआईएमएस द्वारा भी सर्टिफाईड कर दिया गया है। वहीं भागीदारों को टी शर्ट
और किट भी उपलब्ध कराई गई है।
एजेंसी द्वारा मैराथन रूट की रियल टाइम मैपिंग की गई है और 21 व 10 किलोमीटर की मैराथन में जो भी व्यक्ति दौड़ेगा वह मैराथन खत्म होने के तीन घंटे बाद अपना रियल टाइम डिजिटल सर्टिफिकेट डाउनलोड कर सकता है और यह सर्टिफिकेट पूरे विश्व में किसी भी मैराथन में शामिल होने के लिए मान्य होगा।
उपायुक्त श्री विक्रम सिंह ने बताया कि मशहूर खिलाड़ी जैसे मैरी कोम, मनु भाकर, लोकेश राजपूत के अलावा बहुत से फिल्मी कलाकार भी फरीदाबाद हाफ मैराथॉन में विशेष भागीदारी करेंगे।
उन्होंने बताया कि फरीदाबाद हाफ मैराथन को लेकर लोगों में जबरदस्त उत्साह है। फरीदाबाद के अलावा देश के विभिन्न राज्यों व अन्य देशों से भी लोगों ने रजिस्ट्रेशन करवाया है और वह मैराथन में शामिल होने के लिए पहुंच भी गए हैं।
उपायुक्त श्री विक्रम सिंह ने बताया कि फरीदाबाद हाफ मैराथन को लेकर जिला प्रशासन द्वारा सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। वहीं शुक्रवार एक मार्च से सूरजकुंड मेला परिसर के दिल्ली गेट की तरफ एक एक्सपो का आयोजन किया गया है। इस एक्सपो से जिन लोगों ने अपना रजिस्ट्रेशन करवाया है। उन्होंने अपनी टीशर्ट व रियल टाइम मशीन प्राप्त कर ली हैं।
मैराथन के दिन सूरजकुंड रोड पर ट्रेफिक रहेगा बंद
उपायुक्त श्री विक्रम सिंह ने बताया कि फरीदाबाद हाफ मैराथन को लेकर रूट निर्धारित कर दिया गया है। यह मैराथन सूरजकुंड परिसर स्थित दिल्ली गेट से शुरू होगी। इसके बाद यह एनएचपीसी कालोनी, मानव रचना इंस्टीट्यूट, श्री सिद्धदाता आश्रम, जिमखाना क्लब, सेक्टर 21 डी मार्केट होते हुए वापिस सूरजकुंड पहुंचेगी। उन्होंने बताया कि पूरे रूट पर जगह-जगह स्टेज लगाई जाएंगी और वहां धारकों का उत्साह बढ़ाने के लिए सांस्कृतिक मंडलियां भी मौजूद रहेंगी। इसके बाद ही मैडिकल व एमरजेंसी मदद भी उपलब्ध होगी। कार्यक्रम में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम होंगे। मैराथन के दौरान पूरे रूट पर यातायात बंद रहेगा।