पूर्व मंत्री अनिल विज ने सभी कार्यकर्ताओं को पार्टी के पटके पहनाकर उनका स्वागत किया
न्यूज़ डेक्स संवाददाता
अम्बाला । हरियाणा के पूर्व गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री श्री अनिल विज की कार्यशैली से प्रभावित होकर आज शाहपुर और बीसी बाजार से बड़ी संख्या में लोगों ने भाजपा नेता तरविंद्र सिंह सोनी और वार्ड प्रधान कुलदीप सिंह के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी का दामन थामा।
श्री विज ने पार्टी में शामिल हुए कार्यकर्ताओं को भाजपा के पटके पहनाकर उनका पार्टी में हार्दिक स्वागत करते हुए कहा कि भाजपा ऐसी पार्टी है जोकि सभी वर्गों को साथ लेकर चलती है। उन्होंने कहा पार्टी में नए कार्यकर्ताओं के जुड़ने से पार्टी को और मजबूती मिलेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं को मजबूती से पार्टी के लिए कार्य करने का आह्वान किया।
भाजपा नेता तरविंद्र सिंह सोनी और वार्ड प्रधान कुलदीप सिंह ने बताया कि पूर्व मंत्री अनिल विज की जनहित में बेहतर कार्यशैली की बदौलत शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों से लोग लगातार भाजपा में शामिल हो रहे हैं। इससे पहले भी कई लोगों ने भाजपा का दामन थामा है। उन्होंने बताया कि पूर्व मंत्री अनिल विज ने अम्बाला छावनी में वह कार्य करके दिखाए जोकि अन्य दलों ने अपने 70 वर्ष के कार्यकाल में नहीं किए। उन्होंने अम्बाला छावनी का स्वरूप बदलते हुए उसे तरक्की के मार्ग पर अग्रसर कर दिया है। आज छावनी के सिविल अस्पताल में बड़ी से बड़ी बीमारी का ईलाज निशुल्क हो रहा है। कैंसर जैसे गंभीर रोग का ईलाज कराने के लिए पीजीआई की तर्ज पर छावनी में आधुनिक उपचार सुविधा उपलब्ध है।
इस अवसर पर दिनेश गोयल, संजीव कुमार, विजय कुमार, नरेंद्र सिंह, राजिंद्र सिंह, रविदत्त शर्मा, राजिंद्र सैनी अन्य कार्यकर्ताओं ने भाजपा का दामन थामा जिन्हें पार्टी के पटके पहनाकर उनका स्वागत किया गया। इस दौरान भाजपा नेता फकीरचंद सैनी, लेखराज सैनी, शक्ति सिंह व अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।