कांग्रेस के मुकाबले भाजपा संगठनात्मक और रणनीतिक रूप से अव्वल : डा0. पूनिया
भाजपा प्रदेश प्रभारी ने चुनाव की घोषणा करने पर केंद्रीय चुनाव आयोग का जताया आभार
न्यूज़ डेक्स संवाददाता
चंडीगढ़। हरियाणा भाजपा के प्रदेश प्रभारी डा. सतीश पूनिया ने हरियाणा में चुनाव की तिथि घोषित करने पर चुनाव आयोग का धन्यवाद किया है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी चुनाव की घोषणा का उत्सुकता के साथ इंतजार कर रही थी और भाजपा चुनाव के लिए पूरी तरह से तैयार है। चुनाव की घोषणा होने पर भाजपा के कार्यकर्ताओं में उत्साह है और भाजपा अपने कार्यकर्ताओं के दम पर तथा जनता के आशीर्वाद से हरियाणा में तीसरी बार सरकार बनाएगी।
भाजपा प्रदेश प्रभारी ने कहा कि हमने संगठनात्मक ढांचा को पूरी तरह से दुरूस्त कर लिया है। कांग्रेस के मुकाबले भाजपा 22 के 22 जिलों में संगठनात्मक, राजनीतिक और रणनीतिक तौर पर अव्वल है। उन्होंने कहा कि पिछले 10 वर्षों में पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल और अब मुख्यमंत्री नायब सैनी की सरकार ने जिस तरीके से पारदर्शी और ईमानदारी से सरकार चलाई है और महिलाओं, गरीबों, किसानों तथा युवाओं के लिए जो फैसले लिए हैं उससे यहां की जनता खुश है और विधानसभा चुनाव में तीसरी बार भाजपा के पक्ष में मतदान करेगी।
भाजपा प्रदेश प्रभारी ने कहा कि भाजपा सरकार देश और प्रदेश के विकास के लिए संकल्पित होकर काम कर रही है। हरियाणा के विधानसभा चुनाव में हमारे कार्यकर्ता मोदी और नायब सरकार द्वारा जनहित में किए गए कार्यों को लेकर जनता के बीच जाएंगे। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं के दम पर और जनता के आशीर्वाद से मुख्यमंत्री नायब सैनी के नेतृत्व में तीसरी बार भाजपा की सरकार बनेगी।
केंद्रीय चुनाव आयोग द्वारा चुनाव की तिथियों की घोषणा पर प्रदेश प्रभारी डा. सतीश पूनिया ने कहा कि चुनाव आयोग ने प्रदेश में पारदर्शी तरीके से चुनाव कराने का जो आश्वासन प्रदेश की जनता को दिया है वह स्वागत योग्य है। उन्होंने लोकसभा चुनाव भी अच्छी तरह से संपन्न कराए जाने पर चुनाव आयोग को साधुवाद कहा।