न्यूज डेक्स संवाददाता
कुरुक्षेत्र, 8 जनवरी। केंद्रीय जल शक्ति राज्य मंत्री रतनलाल कटारिया ने कहा कि जल जीवन मिशन कार्यक्रम की अगस्त 2019 में शुरूआत के समय पूरे देश में 18.93 करोड़ ग्रामीण घरों में से केवल 3.23 करोड़ ग्रामीण घरों में पेयजल के लिए नल के कनेक्शन थे। जबकि पिछले एक साल में ग्रामीण क्षेत्रों में 3.04 करोड़ नये नल कनेक्शन इस कार्यक्रम के तहत दे दिए गए है। जल जीवन मिशन का कार्यक्रम पूरे देश के हर एक ग्रामीण घर में कोई भी ना छूट जाए के लक्ष्य के साथ शुरू किया गया था।
केंद्रीय जल शक्ति राज्य मंत्री रतनलाल शुक्रवार को जारी एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि जल मिशन के अंतर्गत देश के प्रत्येक ग्रामीण घर में जाति, समुदाय, धर्म तथा वर्ण के भेदभाव के बिना प्रतिदिन 55 लीटर प्रतिव्यक्ति पीने योग्य पानी नल कनेक्शन के द्वारा दिए जाने की योजना है। गरीब और समाज के पिछड़े तथा कमजोर वर्ग के लोगों के लिए लागू की गई यह योजना मोदी सरकार की मुख्य प्राथमिकता है। जल जीवन मिशन के लक्ष्य वर्ष 2024 तक पूरा होने के बाद ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं को पीने व घरेलू उपयोग के पानी के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा। मिशन द्वारा नल से हर घर जल पहुंचने से स्वच्छता और बेहतर स्वाथ्य पाने में भी मदद मिलेगी। मिशन के अंतर्गत गांवों में बनने वाली पानी समिति में महिलाओं को उचित भागीदारी दी जायेगी। इसके अतिरिक्त उन्हें फील्ड टेस्टिंग किट के द्वारा पानी की योग्यता जाँचने की भी टे्रनिंग दी जायेगी।
उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में नल से जल के लक्ष्य को प्राप्त करने वाला गोवा देश का पहला राज्य बन गया है। अब तक देश में कुल 27 जिले, 458 ब्लॉक, 33516 ग्राम पंचायत तथा 66210 गांवों में नल से जल पहुँचाने का लक्ष्य शत-प्रतिशत प्राप्त कर लिया गया है। इसके अलावा तेलांगना, गुजरात, हरियाणा तथा संघशासित प्रदेश पांडुचेरी भी शत-प्रतिशत लक्ष्य को प्राप्त करने में बाकी राज्यों से आगे चल रहे है। हिमाचल प्रदेश, बिहार, मणिपुर, अरूणाचल प्रदेश, मिजोरम तथा अंडमान-निकोबार ने भी इस दिशा में अच्छी प्रगति की है। शत-प्रतिशत लक्ष्य को प्राप्त करने वाले देश भर के 27 जिलों में से अंबाला, पँचकूला और कुरूक्षेत्र तीन जिले हरियाणा से है। इसके लिए जल शक्ति राज्य मंत्री ने हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर को बधाई दी तथा
उन्होंने उम्मीद जाहिर की कि मुख्यमंत्री के कुशल नेतृत्व में वर्ष 2022 तक हरियाणा राज्य शत-प्रतिशत ग्रामीण घरों में नल से जल पहुंचाने का लक्ष्य प्राप्त कर लेगा। केंद्र सरकार द्वारा सभी राज्यों को इस मिशन के लिए समुचित बजट का आवंटन किया गया है तथा इसके लिए केंद्र सरकार से बजट की कमी नहीं होने दी जाएगी।