नगर निगम कार्यालय में दो दिसंबर तक मनाया जाएगा स्वनिधि भी-स्वाभिमान भी पखवाड़ा
शहरी स्थानीय निकाय विभाग ने की वीडियो कॉन्फ्रेंस, निगमायुक्त ने दिए निर्देश
एनडी हिन्दुस्तान
यमुनानगर। ट्विनसिटी के स्ट्रीट वेंडर्स (रेहड़ी व फड़ी विक्रेताओं) को केंद्र सरकार की आठ योजनाओं का लाभ मिलेगा। इनमें पीएम जन-धन योजना, पीएम सुरक्षा बीमा योजना, पीएम जीवन ज्योति बीमा योजना, पीएम श्रम योगी मानधन योजना, वन नेशन वन राशन कार्ड, रजिस्ट्रेशन अंडर बीओसीडब्ल्यू, जननी सुरक्षा योजना व पीएम मातृ वंदना योजना का लाभ दिया जाएगा। इसके लिए सोमवार से स्वनिधि भी-स्वाभिमान भी पखवाड़ा शुरू किया गया। यह पखवाड़ा कन्हैया साहिब चौक के नजदीक बने नगर निगम कार्यालय में दो दिसंबर तक मनाया जाएगा। जिसमें लाइसेंस धारक स्ट्रीट वेंडर्स आकर सरकार की योजनाओं के लिए आवेदन कर सकता है। इस दौरान लंबित मामलों के निपटान के साथ फुटपाथ दुकानदारों को ऋण मुहैया कराया जाएगा। इसको लेकर सोमवार शहरी स्थानीय निकाय विभाग द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग की। इसके बाद जिला नगर आयुक्त एवं निगम आयुक्त आयुष सिन्हा ने शहरी परियोजना अधिकारी कार्यालय के अधिकारी गोपाल बक्शी व अन्य से स्वनिधि योजना से संबंधित अधिकारियों की बैठक करके पखवाड़े को लेकर चर्चा की।
निगम आयुक्त आयुष सिन्हा ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि पखवाड़ा में पहले से स्वीकृत ऋण का शीघ्र वितरण करना, सामाजिक-आर्थिक प्रोफाइलिंग और योजना अनुमोदन में लंबित मामलों का समाधान करना, संबंधित विभागों की सक्रिय भागीदारी और लक्षित आईईसी अभियान के माध्यम से कार्यक्रम की पहुंच को मजबूत करना है। इससे पीएम-स्वनिधि योजना की प्रगति को ओर तेजी मिलेगी। उन्होंने बैंक प्रतिनिधियों को निर्देश दिए कि वह इस अवधि में अपने लंबित मामलों को निपटाएं और ज्यादा से ज्यादा फुटपाथ विक्रेता को ऋण मुहैया करवाएं। निगम अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे स्ट्रीट वेंडर्स की प्रोफाइल तैयार करें। जिस स्ट्रीट वेंडर्स को जिस योजना का लाभ चाहिए, उसी अनुसार उनकी प्रोफाइल तैयार कर आवेदन कराए। ताकि उन्हें केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ दिया जाए। उन्होंने कहा कि योजना का लाभ देने के बाद उसे पोर्टल पर अपलोड करें, ताकि प्रगति दिखाई दे। पखवाड़ा में अधिक से अधिक स्ट्रीट वेंडर्स को बुलाकर ऋण मुहैया करवाया जाए। पखवाड़ा में आने वाले विक्रेताओं को केंद्र सरकार की पीएम सुरक्षा बीमा योजना, पीएम जीवन ज्योति बीमा योजना, पीएम श्रम योगी मानधन योजना, वन नेशन वन राशन कार्ड, पीएम जन-धन योजना, रजिस्ट्रेशन अंडर बीओसीडब्ल्यू, जननी सुरक्षा योजना तथा पीएम मातृ वंदना योजना का लाभ दिया जाएगा। पखवाड़ा के पश्चात दिसंबर 2024 के दूसरे सप्ताह में नई दिल्ली में एक राष्ट्रीय स्तर का समापन समारोह होगा, जिसमें हितधारकों को अभियान के दौरान उनके योगदान और उपलब्धियों के लिए आमंत्रित किया जाएगा और उन्हें सम्मानित किया जाएगा।