केवल एक प्रतिशत आयकर दाताओं के अलावा देश की 99% जनता के लिए कुछ नहीं है बजट में : अरोड़ा
एनडी हिन्दुस्तान
कुरुक्षेत्र। हरियाणा कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, पूर्व मंत्री एवं थानेसर के विधायक अशोक अरोड़ा ने केंद्रीय बजट को निराशाजनक बताया है। इस बजट में केवल मात्र एक प्रतिशत आयकर दाताओं को कुछ रियायत देने के अलावा देश के 99 प्रतिशत जनता के लिए कुछ भी नहीं है। दिल्ली चुनाव के मध्यनजर केंद्रीय बजट में अमीर लोगों को कुछ राहत दी गई है जबकि आम जनता का कोई ख्याल नहीं रखा गया है।
अपने निवास स्थान पर पत्रकारों से वार्तालाप करते हुए अशोक अरोड़ा ने कहा कि केंद्रीय बजट में जीएसटी में कोई राहत नहीं दी गई जबकि सरकार के अनुसार जीएसटी बड़ी मात्रा में इकट्ठा हुआ है। देश का हर नागरिक जीएसटी देता है पेट्रोल और डीजल पर वेट लगा हुआ है। बजट में ना तो जीएसटी की दरों में कटौती की गई और ना ही वैट में कोई कमी की गई है। युवाओं और किसानों के लिए भी इस बजट में कुछ नहीं है। किसानों के प्रयोग में आने वाले खाद, पेस्टीसाइड और कृषि यंत्रों पर लगे टैक्स में भी कोई कमी नहीं की गई है। केंद्रीय बजट ने आम जनता को निराश किया है। इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस के पूर्व संगठन सचिव सुभाष पाली भी उपस्थित थे।