एनडी हिन्दुस्तान
कुरुक्षेत्र। स्थानीय गीता निकेतन आवासीय विद्यालय में आज माँ सरस्वती का प्रकटोत्सव एवम् वीर हकीकत राय का बलिदान दिवस मनाया गया। भारतीय संस्कृति में ज्ञान, त्याग और समर्पण को सर्वोच्च स्थान प्राप्त है। इन्हीं महान मूल्यों को आत्मसात करते हुए विद्यालय में वसंत पंचमी के शुभ अवसर पर माँ सरस्वती जी के प्राकट्योत्सव और बाल बलिदानी वीर हकीकत राय के बलिदान दिवस को श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाया गया। इस आयोजन में न केवल विद्या और बुद्धि की देवी माँ सरस्वती का वंदन किया गया, बल्कि राष्ट्र और धर्म की रक्षा के लिए वीर हकीकत राय के अद्वितीय साहस और बलिदान को भी याद किया गया। कार्यक्रम का आरम्भ वैदिक मंगलाचरण के साथ हुआ जिससे पूरे वातावरण में आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार हुआ। इसके पश्चात विद्यालय के प्राचार्य श्री नारायण सिंह जी ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों जिनमें ग्रामीण शिक्षा विकास समिति के कोषाध्यक्ष श्री अशोक रोशा, विश्व स्वास्थ्य संगठन दिल्ली से सीनियर इलेक्ट्रिक अधिकारी के रूप में सेवानिवृत श्री राकेश कौशल, पंजाब नेशनल बैंक से सेवानिवृत हिंदी भाषा अधिकारी श्रीमती कृष्ण जी, प्रबंध समिति के प्रबंधक श्री पवन गुप्ता जी व अभिभावक प्रतिनिधि श्री अखिलेश जी का परिचय करवाया।
कार्यक्रम की श्रृंखला में वसंत ऋतु के आगमन को दर्शाने वाले गीत “हे माँ हमें वरदान दो, मीठी वाणी का दान दो” एवं का सामूहिक प्रस्तुतीकरण विद्यालय के छात्रों द्वारा किया गया। तत्पश्चात, विशिष्ट अतिथि श्री अशोक रोशा जी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि यह दिन अत्यंत शुभ और प्रेरणादायक है। उन्होंने समाज में शिक्षा से वंचित बच्चों की सहायता हेतु किए जा रहे इस प्रयास की सराहना की।
कार्यक्रम के अंतिम चरण में समर्पण कार्यक्रम के अंतर्गत एकत्रित ₹9,11,000 ( नौ लाख ग्यारह हजार) की राशि चेक स्वरूप में विद्या भारती हरियाणा के प्रांत प्रतिनिधि श्री अशोक रोशा जी को वंचित एवम् उपेक्षित बच्चों में शिक्षा के प्रचार – प्रसार हेतु प्रदान की गई ।
अंत में शांति मंत्र और प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम का सफलतापूर्वक समापन हुआ।