एनडी हिन्दुस्तान
करनाल। राजकीय महिला महाविद्यालय घरौंडा में प्राचार्य डॉक्टर महेंद्र सिंह बागी के कुशल दिशा निर्देशन व महिला प्रकोष्ठ तथा एनएसएस इकाई के सौजन्य से सोमवार को चार दिवसीय फाइन आर्ट्स की कार्यशाला के प्रथम दिन का आयोजन किया गया।
कार्यवाहक प्राचार्य पूजा रानी ने छात्राओं को फाइन आर्ट्स की कार्यशाला की महत्ता बताते हुए कहा कि किसी भी देश के विकास में कला का महत्वपूर्ण योगदान होता है। यह साझा दृष्टिकोण, मूल्य, प्रथा एवं एक निश्चित लक्ष्य को दिखाता है। यह सभी आर्थिक, सामाजिक एवं अन्य गतिविधियों में संस्कृति एवं रचनात्मकता का समावेश होता है।
कार्यशाला के अंतर्गत माता सुंदरी खालसा कन्या महाविद्यालय से ललित कला संकाय की सहायक प्रवक्ता ओशीन सुरी ने छात्राओं को फाइन आर्ट्स से संबंधित प्रशिक्षण दिया व उन्होंने अपने वक्तव्य में छात्राओं को बताया कि फाइन आर्ट्स का क्षेत्र करियर बनाने के लिए एक अच्छा क्षेत्र है। फाइन आर्ट्स में न केवल पेंटिंग और रंग शामिल हैं, बल्कि यह वास्तव में जितना हम सोचते हैं, उससे कहीं अधिक विस्तृत क्षेत्र है। इसमें म्यूजिक, डांस, फोटोग्राफी, इंटीरियर डिजाइन, ग्राफिक डिजाइनिंग और चित्रण, रंगमंच, मिट्टी के बर्तन, वास्तुकला, एनीमेशन, अन्य शामिल हैं। इसलिए, यदि आप फाइन आर्ट में अपना करियर बनाना चाहते हैं, तो आपको फाइन आर्ट्स कोर्स के बारे में पता होना चाहिए। कार्यशाला के प्रथम दिन उन्होंने छात्राओं को विभिन्न रेखाओं वक्र तथा शेडिंग का अभ्यास कराया।
महिला प्रकोष्ठ की संयोजिका और एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी अनुराधा ने मैडम ओशीन सुरी को धन्यवाद दिया तथा छात्राओं को इसमें बढ़-चढक़र भाग लेने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर हिंदी सहायक प्रवक्ता डॉ विक्रम सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे।