Home Chandigarh नगर निगम, नगरपरिषद के चुनाव सिंबल पर लड़ेगी भाजपा : मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी

नगर निगम, नगरपरिषद के चुनाव सिंबल पर लड़ेगी भाजपा : मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी

by ND HINDUSTAN
0 comment

ट्रिपल इंजन की सरकार बनने पर हरियाणा विकास की नई ऊंचाइयों को छूएगा : नायब सिंह सैनी

नगर निकाय चुनाव और संगठनात्मक विषयों को लेकर हुई पंचकूला में भाजपा की कोर ग्रुप की बैठक

कोर ग्रुप की बैठक में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, भाजपा प्रदेश प्रभारी डा. सतीश पूनिया, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली, राष्ट्रीय सचिव ओम प्रकाश धनखड़,  केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल, सांसद सुभाष बराला, मंत्री कृष्ण बेदी, संगठन मंत्री फणीन्द्रनाथ शर्मा, प्रदेश महामंत्री डा. अर्चना गुप्ता, वरिष्ठ भाजपा नेता रामबिलास शर्मा, सुनीता दुग्गल, पूर्व मंत्री डा. कमल गुप्ता मौजूद रहे

भाजपा नगर निगमों को लेकर अलग-अलग संकल्प पत्र जारी करेगी : डा. सतीश पूनिया

भाजपा विकास के नाम पर वोट मांगेगी, कांग्रेस हमारे लिए कोई चुनौती नहीं : पंडित मोहन लाल बड़ौली

एनडी हिन्दुस्तान

चंडीगढ़। नगर निकाय चुनाव और संगठनात्मक विषयों को लेकर बुधवार को पंचकूला पार्टी कार्यालय ‘‘पंचकमल’’ में भाजपा की कोर ग्रुप की बैठक हुई। इस बैठक में प्रदेश में ट्रिपल इंजन की सरकार बनाने की रणनीति और संगठनात्मक विषयों पर व्यापक चर्चा हुई। बैठक में सहमति बनी की कि भाजपा नगर निगम और नगर परिषद के चुनाव सिंबल पर लड़ेगी। कोर कमेटी की बैठक में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, भाजपा प्रदेश प्रभारी डा. सतीश पूनिया, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली, राष्ट्रीय सचिव ओम प्रकाश धनखड़,  केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल, सांसद सुभाष बराला, मंत्री कृष्ण बेदी, संगठन मंत्री फणीन्द्रनाथ शर्मा, प्रदेश महामंत्री डा. अर्चना गुप्ता, वरिष्ठ भाजपा नेता रामबिलास शर्मा, सुनीता दुग्गल, पूर्व मंत्री डा. कमल गुप्ता मौजूद रहे।  
कोर ग्रुप की बैठक के बाद हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि भाजपा नगर निगम और नगर परिषद के चुनाव सिंबल पर लड़ेगी। उन्होंने कहा कि मेयर और चेयरमैनों के चुनाव डायरेक्ट होने हैं। चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशियों से आवेदन मांगे गए हैं। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि बुधवार को स्थानीय निकाय चुनाव को लेकर दो बैठकें हुई हैं। सीएम आवास पर हुई पहली बैठक में सभी विधायक, जिला अध्यक्ष, चुनाव लड़े हुए प्रत्याशी, मंत्री और जिला प्रभारी और प्रदेश पदाधिकारी मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि कोर ग्रुप की बैठक पार्टी कार्यालय पंचकमल में हुई। कोर ग्रुप की इस बैठक में नगर निकाय चुनाव को लेकर कई निर्णय लिए गए। उन्होंने कहा कि 11 फरवरी से नोमिनेशन शुरू होने हैं, इसलिए एक कमेटी बनाने का निर्णय लिया गया है। यह कमेटी जिन-जिन जिलों में चुनाव हैं वहां जाकर चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशियों के नाम लेगी। इन नामों पर प्रदेश की कोर कमेटी की बैठक में विचार किया जाएगा।
नायब सिंह सैनी ने कहा कि कोर ग्रुप की बैठक में चुनाव प्रचार, प्रसार, संकल्प पत्र बनाने पर चर्चा हुई है। जल्द ही जिलों की कमेटी, चुनाव संकल्प समिति, चुनाव संचालन समिति और अन्य समितियों का गठन कर लिया जाएगा। चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशियों से आवेदन मांगे जाएंगे जिस पर चुनाव संचालन समिति निर्णय लेगी। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने यह भी कहा कि हमारे पास नगरपालिका चुनाव को भी सिंबल पर लड़ने के सुझाव आए हैं जिस पर चर्चा हुई है।
मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि प्रदेश के सभी मंत्री, विधायक, सांसद, केंद्रीय मंत्री और चुनाव लड़े प्रत्याशी नगर निकाय चुनाव में मजबूती से जुटेंगे और हम बड़ी जीत दर्ज करेंगे।  उन्होंने कहा कि हरियाणा में भाजपा सरकार ने पिछले 10 वर्षों में लोगों के जीवन को सरल और सुगम बनाने का काम किया है। ट्रिपल इंजन की सरकार बनने पर हरियाणा विकास की नई ऊंचाइयों को छूएगा।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने दिल्ली विधानसभा चुनाव पर बोलते हुए कहा कि केजरीवाल सरकार से दिल्ली की जनता तंग आ चुकी थी। केजरीवाल ने लोगों से झूठे वादे कर सत्ता हथियाने का काम किया है। अरविंद केजरीवाल के चेहरे का नकाब जनता के सामने उतर चुका है। श्री सैनी ने कहा कि आज वोटिंग के समय दिल्ली की जनता ने आम आदमी पार्टी की सरकार के प्रति अपना गुस्सा उतारा है। श्री सैनी ने दावा करते हुए कहा कि 8 फरवरी को जनता का फैसला भाजपा के पक्ष में आएगा और दिल्ली के साथ-साथ देशभर में जलेबी बंटेगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में दिल्ली में भाजपा की पूर्ण बहुमत की सरकार बनेगी। एक सवाल पर बोलते हुए सीएम सैनी ने कहा कि केजरीवाल और कांग्रेस पार्टी एक ही थैली के चट्टे-बट्टे हैं। मोदी सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का विरोध करने में अरविंद केजरीवाल सबसे आगे होते हैं और कांग्रेस तो सदा ईवीएम का राग अलापती रहती है।

*नगर निकाय चुनाव में भाजपा की जीत तय : डा. सतीश पूनिया*

भाजपा प्रदेश प्रभारी डा. सतीश पूनिया ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि नगर निकाय चुनाव में भाजपा की जीत तय है। भाजपा नगर निगम और नगर परिषद चुनाव सिंबल पर लड़ेगी। उन्होंने यह भी कहा कि नगर पालिका चुनाव सिंबल पर लड़ा जाए या नहीं इस पर विचार किया जा रहा है। डा. पूनिया ने कहा कि भाजपा नगर निगमों को लेकर अलग-अलग संकल्प पत्र जारी करेगी।

*नगरपालिका प्रधान का चुनाव सिंबल पर लड़ने का विचार कर रही है पार्टी : बड़ौली*

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि प्रदेश में चार नगर परिषद और 8 नगर निगम तथा नगरपालिकाओं के चुनाव होने हैं। उन्होंने कहा कि मेयर, चेयरमैन और पार्षद सिंबल पर चुनाव लड़ेंगे। श्री बड़ौली ने कहा कि नगरपालिका प्रधान का चुनाव भी सिंबल पर लड़ने का विचार किया जा रहा है। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि जिला अध्यक्ष और प्रभारी प्रत्याशियों का आवेदन लेंगे। 6 और 7 फरवरी को जिला भाजपा कार्यालयों पर कमेटी बैठेगी और 8 फरवरी को जिला की कोर कमेटी प्रत्याशियों के नामों का पैनल तैयार करेगी।  भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि 9 फरवरी को चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशियों का पैनल प्रदेश की कमेटी के पास आएगा जिस पर चर्चा की जाएगी।  भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि नगर निगम और नगरपरिषद के चुनाव भाजपा पहले भी सिंबल पर लड़ती आई है। एक सवाल के जवाब में श्री बड़ौली ने कहा कि निकाय चुनाव में भाजपा विकास के नाम पर जनता से वोट मांगेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में ट्रिपल इंजन की सरकार बनेगी और कांग्रेस हमारे लिए कोई चुनौती नहीं है।

You may also like

Leave a Comment

NewZdex is an online platform to read new , National and international news will be avavible at news portal

Edtior's Picks

Latest Articles

Are you sure want to unlock this post?
Unlock left : 0
Are you sure want to cancel subscription?