जिला शिक्षा अधिकारी एवं जिला आयुक्त स्काउट एवं गाइड ने राष्ट्रीय जंबूरी दल का किया सम्मान
हरियाणा के दल ने राष्ट्रीय जंबूरी में कुल 21 पदक जीतकर प्रदेश का गौरव बढ़ाया
एनडी हिन्दुस्तान
कुरुक्षेत्र । त्रिची (तमिलनाडु) में आयोजित हीरक जयंती राष्ट्रीय स्काउट एवं गाइड जंबूरी में भाग लेकर लौटे कुरुक्षेत्र जिले के दल का भव्य सम्मान समारोह एसएमबी गीता व मा. विद्यालय कुरुक्षेत्र में आयोजित किया गया। समारोह में मुख्य अतिथि तौर पर जिला शिक्षा अधिकारी एवं जिला आयुक्त स्काउट एवं गाइड संतोष शर्मा ने दल के सदस्यों को प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने दल के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि आपने न केवल कुरुक्षेत्र जिले बल्कि पूरे हरियाणा राज्य का गौरव बढ़ाया है। आपका यह साहसिक और अनुशासित प्रदर्शन सभी के लिए प्रेरणादायक है।
इस सम्मान समारोह में एसएमबी गीता व मा. विद्यालय कुरुक्षेत्र के 8 स्काउट एवं स्काउट मास्टर महावीर सिंह, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय स्योंसर के 7 स्काउट एवं जिला प्रशिक्षण आयुक्त देशराज, राजकीय आदर्श संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय थाना से 4 गाइड एवं गाइड कैप्टन रेणुका, जिला संगठन आयुक्त बीरेंद्र तथा राष्ट्रीय मुख्यालय से स्टेट में शामिल संदीप आर्य एवं वेंकट रमन ने भाग लिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता गीता स्कूल के प्रबंधक वीरेंद्र वालिया ने की, जबकि विद्यालय के प्रधानाचार्य अनिल मदान ने अतिथियों का हार्दिक स्वागत किया। इस अवसर पर जिला संगठन आयुक्त (कब सेक्शन) अमित कौशिक एवं राजकीय आदर्श संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय थाना के प्रधानाचार्य ओम प्रकाश भी विशेष रूप से मौजूद रहे।
जंबूरी से लौटे दल ने राष्ट्रीय सद्भावना एवं साहसिक गतिविधियों को सफलतापूर्वक पूरा कर कई प्रमाण पत्र हासिल किए। कुरुक्षेत्र दल का मुख्य आकर्षण पेजेंट शो रहा, जिसमें हरियाणा की समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर जाहर पीर की छड़ी की भव्य झांकी प्रस्तुत की गई। इस प्रस्तुति ने सभी का मन मोह लिया।
हरियाणा के दल ने इस राष्ट्रीय जंबूरी में कुल 21 पदक जीतकर प्रदेश का गौरव बढ़ाया, जिसमें कुरुक्षेत्र जिले का विशेष योगदान रहा। इस शानदार प्रदर्शन पर जिला शिक्षा अधिकारी संतोष शर्मा ने कहा कि इस सफलता के पीछे दल के सदस्यों का परिश्रम, टीम भावना और स्काउट मास्टर्स का मार्गदर्शन है। यह उपलब्धि युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय प्रबंधन की ओर से सभी दल सदस्यों, स्काउट मास्टर्स, गाइड कैप्टन और अतिथियों को उनके योगदान के लिए धन्यवाद दिया गया। इस आयोजन ने जिले में स्काउटिंग और गाइडिंग के प्रति नई ऊर्जा का संचार किया।