गुटबाजी ने पार्टी का काफी नुकसान कराया-विवेक बंसल
न्यूज डेक्स संवाददाता
कुरुक्षेत्र,21 जनवरी। प्रदेश कांग्रेस प्रभारी विवेक बंसल ने आज कुरुक्षेत्र पहुंचकर जिलाभर के कांग्रेसी कार्यकर्ताओं की नब्ज टटोली और पार्टी संगठात्मक ढांचा खडा करने के लिए फीडबैक ली। सर्किट हाऊस में बैठकर बंसल ने जिला के चारों हलकों थानेसर, लाडवा, पिहोवा व शाहाबाद से आए कार्यकर्ताओं से अलग-अलग गुटों के रूप में व व्यक्तिगत रूप से बंद कमरे में मुलाकात की। इस मौके पर उनके साथ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्षा कुमारी सैलजा भी मौजूद रही। प्राप्त जानकारी के अनुसार कार्यकर्ताओं ने बंसल को पार्टी की गुटबंदी के कारण हो रहे नुकसान से अवगत करवाया। बंसल ने देर सायं तक सभी कार्यकर्ताओं से मिलकर उनकी बात सुनी।
पत्रकारों से वार्तालाप करते हुए बंसल ने कहा कि क्षमतावान कार्यकर्ताओं को संगठन में मौका देकर पार्टी की गुटबंदी को खत्म करने का काम किया जाएगा। वे इससे पहले करनाल व पानीपत के कार्यकर्ताओं से मिलकर फीडबैक ले चुके हैं। वे आज इसी उद्देश्य से कुरुक्षेत्र के कार्यकर्ताओं से फीडबैक लेने आए हैं।
एक प्रश्न के उत्तर में बंसल ने बताया कि लगभग दो-तीन माह में कांग्रेस का प्रदेश व जिला स्तर पर संगठात्मक ढांचा बना दिया जाएगा और उसके बाद ब्लॉक स्तर पर भी संगठन खडा किया जाएगा। बिना किसी गुटबाजी के क्षमतावान कार्यकर्ताओं को संगठन में काम करने का मौका दिया जाएगा। उन्होने स्वीकार किया कि प्रदेश कांग्रेस में गुटबाजी के चलते काफी नुकसान हुआ है। पार्टी का संगठात्मक ढांचा न होने के कारण काफी नुकसान हुआ है और उनका प्रयास रहेगा कि जल्द से जल्द संगठात्मक ढांचा खडा किया जाए।
किसान आंदोलन संबंधी पूछे गए सवाल के उत्तर में उन्होने कहा कि विपक्षी दल होने के नाते कांग्रेस ने किसान आंदोलन को समर्थन दिया हुआ है जब देश का अन्नदाता संकट में हो तो विपक्षी दल होने के नाते उनका समर्थन करना कांग्रेस का फर्ज बनता है। भाजपा को आडे हाथों लेते हुए उन्होने कहा कि भाजपा नेताओं की सोच विक्षिप्त है कांग्रेस ने देश को एकजुट रखा और लोकतंत्र को मजबूती दी जबकि भाजपा देश को तोडने में लगी हुई है। यूपीए के शासन काल में मनरेगा और बैंको का राष्ट्रीयकरण करके किसानों व मजदूरों को लाभ देने का काम किया गया। जबकि भाजपा इसके उल्ट चल रही है। यूपीए के राज में देश की आर्थिक स्थिति काफी मजबूत थी। आज देश की आर्थिक स्थित काफी खराब हो चुकी है। उन्होने कहा कि वे प्रदेश के प्रत्येक जिले में जाकर कार्यकर्ताओं से मिलेंगें ताकि पार्टी को मजबूती मिल सके।
इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्षा कुमारी सैलजा ने विवेक बंसल का कुरुक्षेत्र पहुंचने पर स्वागत करते हुए कहा कि पिछले तीन दिनों से बंसल जिला स्तर पर जाकर कार्यकर्ताओं से मिलने का काम कर रहे हैं। उन्होने आशा व्यक्त की कि बंसल के नेतृत्व में प्रदेश कांग्रेस अधिक मजबूती के साथ कार्य करेगी।
इससे पूर्व प्रदेश कांग्रेस विवेक बंसल तय कार्यक्रम के अनुसार कांग्रेस भवन में पहुंचे और कार्यकर्ताओं की बैठक ली। बैठक को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्षा कुमारी सैलजा, पूर्व मंत्री हरमोहिंद्र सिंह चट्ठा, पूर्व मंत्री अशोक अरोड़ा, लाडवा विधायक मेवा सिंह अन्य कांग्रेसी नेताओं ने संबोधित किया। इस मौके पर जिला कांग्रेस के पूर्व प्रधान पवन गर्ग, पूर्व विधायक अनिल धंतोडी, प्रदेश कंाग्रेस के संगठन सचिव सुभाष पाली, प्रदेश कांग्रेस के पूर्व संगठन सचिव परीक्षित मदान, इंप्रुवमैंट ट्रस्ट के पूर्व चेयरमैन जलेश शर्मा, पवन चौधरी, पूर्व पार्षद नरेंद्र शर्मा निंदी, विवेक मैहता विक्की, मनु जैन, सुधीर चुघ, सुरेंद्र सैनी सहित जिलाभर के कार्यकर्ता आए हुए थे।