प्रेरणा वृद्धाश्रम में महिला सम्मान समारोह का आयोजन
एनडी हिन्दुस्तान
कुरुक्षेत्र। देश के विभिन्न राज्यों से घरों से निकाले गए एवं अपनों द्वारा ठुकराए गए बुजुर्गों को आश्रय देने वाले प्रेरणा वृद्धाश्रम में समय समय पर सामाजिक, धार्मिक, राष्ट्रीय एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होता रहता है। इसी कड़ी में 8 मार्च को प्रेरणा वृद्धाश्रम में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। प्रेरणा वृद्धाश्रम के संस्थापक एवं संचालक डा. जय भगवान सिंगला ने बताया कि वृद्धाश्रम में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर महिला सम्मान समारोह का आयोजन किया जा रहा है। इस अवसर पर शिक्षा, सामाजिक एवं धार्मिक क्षेत्र में प्रशंसनीय, सराहनीय एवं अनुकरणीय सेवा कार्य करने वाली प्रतिभाशाली महिलाओं को सम्मानित किया जाएगा। डा. सिंगला ने बताया कि कार्यक्रम की मुख्य अतिथि कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलसचिव लेफ्टिनेंट डा. वीरेंद्र पाल की धर्मपत्नी बबीता होंगी। कार्यक्रम की वशिष्ट अतिथि पैनोरमा कुरुक्षेत्र के निदेशक सुरेश सोनी की धर्मपत्नी सहायक प्रोफेसर जयश्री सोनी होंगी। जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय संस्कृत विभाग की पूर्व अध्यक्षा डा. विभा अग्रवाल करेंगी। डा. सिंगला ने बताया कि कार्यक्रम आयोजन में प्रेरणा संस्था की अध्यक्षा रेनू खुंगर, उपाध्यक्षा आशा सिंगला एवं कार्यक्रम संयोजिका डा. ममता सूद का विशेष सहयोग है।