आपातकालीन स्थिति में पहले की तरह आरडब्लयूए सहयोग करेगी प्रशासन का
सायरन बजते ही बंद करनी होगी लाइटें,
लोगों की सुरक्षा व मदद के लिए तत्पर है पुलिस प्रशासन
एनडी हिन्दुस्तान
कुरुक्षेत्र। उपायुक्त नेहा सिंह ने कहा कि सोशल मीडिया के फेसबुक, टवीटर, इन्सटाग्राम, व्हाटसअप जैसे प्लेटफार्म पर झूठी अफवाह फैलाने और गलत वीडियो व फोटो वायरल करने के मामले में प्रशासन जीरो टॉलरेंस पॉलिसी को अडपॉट करेगा। इस जिले में आपदा के समय शहर की सामाजिक, धार्मिक और आरडब्ल्यूए पहले की तरह प्रशासन का सहयोग करेंगी। इतना ही नहीं इस आपदा के समय में पुलिस प्रशासन लोगों की सुरक्षा और मदद के लिए हमेशा तत्पर रहेगा।
उपायुक्त नेहा सिंह शनिवार को लघु सचिवालय के सभागार में सामाजिक, धार्मिक व आरडब्ल्यूए के प्रतिनिधियों की एक बैठक को सम्बोधित कर रही थी। उन्होंने कहा कि कुरुक्षेत्र में लोगों को किसी प्रकार की चिंता और घबराने की जरूरत नहीं है। इस जिले में शांति, सदभावना बनाएं रखने के लिए सभी लोगों को एकजुट होकर रहना होगा। इस जिले में लोगों की एकता से ही इस आपदा के समय एक दूसरे की मदद की जा सकेगी। इस आपदा में प्रशासन 24 घंटे लोगों की मदद के लिए तैयार है। इस जिले में हर विभाग की तरफ से आपदा से राहत पाने के लिए आवश्यक प्रबंध कर लिए है।
उन्होंने कहा कि इस जिले में फिलहाल ब्लैक आउट के लिए अलग-अलग समय में मॉक ड्रिल की जा रही है ताकि लोग अपनी इच्छा से सूचना मिलते ही जिले में ब्लैक आउट में अपना सहयोग दे। इस जिले में फिलहाल सायरन बजते ही मॉक ड्रिल ब्लैक आउट में शामिल होना है और सभी लोगों को अपने घरों और गलियों की लाइट निर्धारित समय के लिए बंद करनी है और निर्धारित समय के अंदर ही शुरू करनी है। उन्होंने कहा कि आरडब्ल्यूए के प्रतिनिधियों का आपदा के समय पहले की तरह सहयोग करना होगा। पुलिस अधीक्षक नीतीश अग्रवाल ने कहा कि आपदा के समय पुलिस प्रशासन लोगों की सुरक्षा और सेवा के लिए 24 घंटे तत्पर है। इस जिले में 112 नंबर, एसएचओ और एनजीओ 24 घंटे मुस्तैद रहेंगे। इसके अलावा लोगों को गलत सूचना प्रसारित करने से बचना होगा।
उन्होंने कहा कि अगर किसी भी व्यक्ति को किसी संदिग्ध या अन्य विषयों के बारें में जानकारी देनी है तो वह अपने लोकल थाने, चौकी में सूचना दे सकता है। इस आपदा के समय सभी को भाईचारा और सदभावना बनाकर रखनी है। इस मौके पर विभिन्न आरडब्ल्यूए के सदस्यों ने अपने सुझाव भी दिए और कमियों को भी प्रशासन के समक्ष रखा। इस मौके पर एसडीएम अमन कुमार, डीएमसी सतेन्द्र सिवाच, डीआरओ चेतना चौधरी, डीआईपीआरओ डा.नरेन्द्र सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।