एनडी हिन्दुस्तान
करनाल। हरियाणा राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग की सदस्य मीना कुमारी एवं मांगेराम तथा बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष उमेश कुमार द्वारा सुरक्षित वाहन नीति, स्कूल बैग नीति एवं प्राइवेट प्ले स्कूलों के लिए हरियाणा सरकार की गाइडलाइंस के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी, महिला एवं बाल विकास विभाग, फायर विभाग के अधिकारीगण एवं आरटीओ विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।
हरियाणा राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग की सदस्य मीना कुमारी ने कहा कि बैठक का उद्देश्य बच्चों की सुरक्षा, परिवहन व्यवस्था में सुधार, स्कूल बैग के भार को नियंत्रित करने एवं निजी प्ले स्कूलों के संचालन में निर्धारित नियमों के पालन को सुनिश्चित करना था। बैठक में सभी संबंधित विभागों को निर्देशित किया गया कि वे गाइडलाइंस के अनुसार नियमित निरीक्षण करें तथा विद्यालय प्रबंधन को समय-समय पर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करें। बच्चों की सुरक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही पर सख्त कार्रवाई करने पर भी बल दिया गया। साथ ही, स्कूलों में स्वच्छ जल की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए पानी की टंकियों की नियमित सफाई कराने के निर्देश भी दिए गए, ताकि बच्चों के स्वास्थ्य से किसी प्रकार का समझौता न हो। इसके अतिरिक्त, जिला शिक्षा अधिकारी करनाल को सभी स्कूलों के प्रिंसिपल के लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश भी दिए गए, जिसमें उन्हें बाल अधिकारों, बच्चों के मानसिक, शारीरिक एवं भावनात्मक विकास से संबंधित आवश्यक जानकारियां प्रदान की जाएंगी, ताकि वे बच्चों के अधिकारों के प्रति अधिक संवेदनशील एवं जागरूक हो सकें।
हरियाणा राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग के सदस्य मांगेराम ने सभी विभागों के सहयोग की सराहना करते हुए बच्चों के हित में इन नीतियों के प्रभावी क्रियान्वयन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। मीटिंग के दौरान सुदेश ठकराल जिला शिक्षा अधिकारी, रीना रानी जिला बाल संरक्षण अधिकारी, सीमा मदन खंड शिक्षा अधिकारी, रविंद्र खंड शिक्षा अधिकारी घरौंडा, राजन लाम्बा प्रेसिडेंट सीबीएसई स्कूल एसोसिएशन इत्यादि उपस्थित रहे ।