एनडी हिन्दुस्तान
कैथल। एडीसी दीपक बाबूलाल करवा ने सोमवार को अपने कार्यालय में पूर्व सैनिकों की बैठक ली और उनसे सिविल डिफेंस वालंटियर बनने की अपील की। उन्होंने कहा कि आपदा प्रबंधन की तैयारियों को मजबूत बनाने के उद्देश्य से सिविल डिफेंस वालंटियर के पंजीकरण किए जा रहे हैं। हमें किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तत्पर रहना चाहिए। पूर्व सैनिक और युवा इसमें बढ़चढ़ कर भाग लें और अपना पंजीकरण करें। इसके बाद पंजीकृत वालंटियर को राहत, बचाव व अन्य आवश्यक कार्यो का प्रशिक्षण दिया जाएगा। सिविल डिफेंस वालंटियर बनना एक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है और पूर्व सैनिक बखूबी इसे निभाना जानते हैं। पूर्व सैनिकों को इसका पूरा अनुभव होता है। उन्होंने कहा कि हमें अपने देश की रक्षा के लिए सदैव तत्पर रहना चाहिए। देश के प्रति हमारा कर्तव्य संविधान का पालन करना, राष्ट्र की एकता एवं अखंडता की रक्षा करना और सामाजिक सद्वभाव बनाए रखना है। इस अवसर पर रेडक्रास सचिव रामजी लाल, डा. बीरबल दलाल, जिला सैनिक बोर्ड एवं अर्ध सैनिक वेलफेयर कार्यालय के अधिकारी/कर्मचारी, भूतपूर्व सैनिक सभा के प्रधान जगजीत सिंह बूरा सहित अन्य पूर्व सैनिक मौजूद रहे।