STEM शिक्षा का निर्धारण” विषय आधारित एक दिवसीय शिक्षक चर्चा का आयोजन
एनडी हिन्दुस्तान
कुरुक्षेत्र । गीता निकेतन आवासीय विद्यालय, कुरुक्षेत्र में सत्र 2025–26 के लिए “STEM शिक्षा का निर्धारण” विषय पर एक दिवसीय शिक्षक चर्चा 12 जुलाई 2025 को सफलतापूर्वक संपन्न हुई। इस कार्यशाला का उद्देश्य शिक्षकों को गणित के एकीकृत शिक्षण (STEM) के महत्व से परिचित कराना और कक्षा-कक्ष में उसके प्रभावी क्रियान्वयन के उपाय सुझाना था। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं माँ सरस्वती की वंदना से हुआ। इस अवसर पर श्रीमती पूजा छाबड़ा( जिला प्रशिक्षण समन्वयक, एवं प्रिंसिपल, सुगनी देवी आर्य गर्ल्स स्कूल,लाडवा) तथा शिक्षकों को प्रशिक्षित करने हेतु प्रशिक्षक के रूप में विषय विशेषज्ञ डॉ. राघवेन्द्र प्रताप सिंह(गणित विभाग, एन. आई. टी. कुरुक्षेत्र) एवं शिव चरण गुप्ता (गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल, कोटरा) उपस्थित रहे।
तत्पश्चात विषय विशेषज्ञ डॉ. राघवेन्द्र प्रताप सिंह ने सत्र का संचालन किया। उन्होंने Set, Function, Limit, Continuity, Differentiation जैसे विषयों को व्यावहारिक उदाहरणों के माध्यम से विस्तारपूर्वक समझाया तत्पश्चात् विषय विशेषज्ञ शिव चरण गुप्ता ने दृश्य – श्रव्य साधनों का प्रयोग करते हुए क्षेत्रफल, आयतन आदि के फार्मूला निर्माण, मॉडल निर्माण, डिज़ाइन थिंकिंग व पाठ योजना निर्माण जैसी गतिविधियाँ करवाकर शिक्षकों को प्रशिक्षित किया। उन्होंने करके सीखने के सिद्धांत पर बल देते हुए कहा कि छात्रों को समस्याओं को स्वयं हल करने के लिए प्रेरित करें ताकि स्थाई ज्ञान प्रदान किया जा सके। इस चर्चा में कुरुक्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों के 40 शिक्षकों ने सक्रिय रूप से भाग लेकर STEM शिक्षा की उपयोगिता को समझा और उसे अपने विषयों में सम्मिलित करने की विधियाँ सीखी।
अंत में विद्यालय के प्राचार्य नारायण सिंह ने ज्ञानवर्धक प्रशिक्षण हेतु दोनों विषय विशेषज्ञों का आभार प्रकट करते हुए STEM आधारित शिक्षा को नवाचार, समस्या समाधान और भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप बताया। अतः यह आयोजन विद्यालय के नवाचार आधारित शिक्षण की दिशा में एक सशक्त और प्रेरणादायक पहल सिद्ध हुई।