खिराजपुर गांव में 55 लाख रुपये की लागत से बनाए जाने वाले उप स्वास्थ्य केंद्र का किया शिलान्यास
स्वयं सहायता समूह की महिलाओं के हॉल का किया शिलान्यास
एनडी हिन्दुस्तान
करनाल। हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने सोमवार को घरौंडा विधानसभा क्षेत्र के गांव खिराजपुर और नलवी कलां में करीब एक करोड़ 15 लाख की 4 परियोजनाओं का शिलान्यास एवं उद्घाटन किया। इस मौके पर उन्होंने ग्रामीणों से बच्चों को अच्छी शिक्षा दिलाने और पात्र लोगों से सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की।
विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने खिराजपुर गांव में 55 लाख रुपये की लागत से बनाए जाने वाले उप स्वास्थ्य केंद्र का शिलान्यास किया। इसमें वेलनेस रूम, कंसलटेशन रूम, रिकॉर्ड रूम, डे-केयर सहित सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। निर्माण के लिए राशि स्वास्थ्य विभाग की ओर से दी जाएगी। निर्माण कार्य 9 महीने में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
स्वयं सहायता समूह की महिलाओं के हॉल का शिलान्यास
विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने खिराजपुर गांव में स्वयं सहायता समूह की महिलाओं के लिए हॉल के निर्माण का शिलान्यास किया। इस पर 18 लाख रुपये खर्च होंगे। उन्होंने पंचायती राज विभाग के अधिकारियों को हॉल का आकार 20 गुणा 15 फुट बढ़ाकर 20 गुणा 30 फुट करने के निर्देश दिए ताकि अधिक संख्या में महिलाएं इसमें बैठक अथवा धार्मिक आयोजन कर सकें। उन्होंने कहा कि निर्माण सामग्री की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होना चाहिए। हॉल तैयार होने के बाद इसमें मेज-कुर्सी सहित जरूरत अनुसार अन्य फर्नीचर की व्यवस्था के लिए फंड उपलब्ध करा दिया जाएगा। निर्माण 6 महीने के भीतर पूरा किया जाएगा। उन्होंने खिराजपुर में ही गुग्गा माड़ी के पास तालाब के नवीनीकरण का उद्घाटन किया। मॉडल तालाब योजना के तहत कराए गए कार्य पर 22 लाख रुपये खर्च हुए हैं।
गांव नलवी कलां में गली व नाली के निर्माण कार्य का किया शिलान्यास
विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने नलवी कलां में महात्मा गांधी ग्रामीण बस्ती में गली व नाली के निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। इस पर 19 लाख 14 हजार रुपये खर्च होंगे। एक हजार फुट लंबी गलियां बनाई जाएंगी। यह कार्य भी पंचायती राज विभाग की ओर से कराया जाएगा। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि सरकार ने गरीबों की भलाई के लिए अनेक कल्याणकारी योजनाएं लागू की हैं। पात्र लोगों को इनका लाभ उठाना चाहिए। जरूरी सेवाओं को ऑनलाईन किए जाने से आज पेंशन सीधे बुजुर्गों के खाते में पहुंच रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी गंभीरता से देश व प्रदेश की तरक्की को गति देने में लगे हैं। वे गरीबों का दर्द समझते हैं और उनके हित में योजनाएं बनाई जा रही हैं।
बच्चों को अच्छी शिक्षा दिलवाने और संस्कारवान बनाने की अपील
विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने ग्रामीणों से बच्चों को अच्छी शिक्षा दिलाने और उन्हें संस्कारवान बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि आज मेधावी बच्चों के लिए रोजगार के अनेक साधन उपलब्ध हैं। प्रदेश सरकार मेरिट पर नौकरियां दे रही है। पर्ची-खर्ची का सिस्टम बंद हो चुका है। वे खुद भी चौकीदार बनकर लोगों की सेवा में जुटे हैं। पिछले दस सालों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में न केवल देश मजबूत हुआ है बल्कि घरौंडा हलके की सूरत भी बदली है। इस प्लान में न केवल बचे हुए कार्यों को पूरा कराया जाएगा बल्कि जरूरत अनुसार नए प्रोजेक्ट्स भी शुरू किए जाएंगे।
इस मौके पर उप सिविल सर्जन डॉ. रवींद्र संधू, पंचायती राज विभाग के एसडीओ मयंक माहला, जेई लवप्रीत सिंह, भाजपा कार्यकर्ता जोगेंद्र व अन्य गणमान्य मौजूद रहे।