Home Chandigarh मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने  बजट घोषणाओं की प्रगति की विभागवार की  समीक्षा

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने  बजट घोषणाओं की प्रगति की विभागवार की  समीक्षा

by ND HINDUSTAN
0 comment

मोरनी जैसे पहाड़ी क्षेत्र में किसानों की कृषि संबंधी समस्याओं की पहचान कर उनका समाधान सुनिश्चित किया जाये – मुख्यमंत्री

वीटा के बूथ बढ़ाकर लोगों को दिए जाएंगे रोजगार के नए अवसर

एनडी हिन्दुस्तान

चंडीगढ़। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि मोरनी जैसे पहाड़ी क्षेत्र में किसानों को फसल उत्पादन में आ रही चुनौतियों को दूर करने के लिए कृषि एवं किसान कल्याण विभाग किसानों से फीडबैक लेकर समस्याओं की पहचान करे और उनका समाधान प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित करे। उन्होंने निर्देश दिए कि हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड मोरनी जैसे क्षेत्र में किसानों की बागवानी फसलों को मंडियों तक पहुंचाने के लिए लघु कलेक्शन सेंटर स्थापित करने की संभावना पर भी कार्य करे।

मुख्यमंत्री आज यहां वर्ष 2025-26 की  बजट अनाउंसमेंट के संबंध में विभिन्न विभागों की घोषणाओं की प्रगति के सम्बन्ध में आयोजित समीक्षा बैठक में अधिकारियों को संबोधित कर रहे थे।  

प्राकृतिक खेती को मिले बढ़ावा

कृषि विभाग की बजट घोषणाओं की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इस वर्ष प्राकृतिक खेती को प्रोत्साहित करने के लिए 1 लाख एकड़ भूमि पर प्राकृतिक खेती का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का विजन है कि प्राकृतिक खेती को अधिक से अधिक बढ़ावा दिया जाए। इसके लिए अधिकारियों को सक्रियता से कार्य करना चाहिए ताकि ज्यादा से ज्यादा किसान प्राकृतिक खेती से जुड़ें। साथ ही, प्राकृतिक खेती से संबंधित अतिरिक्त प्रयोगशालाएं भी स्थापित की जाएं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जिस भावना से योजनाएं बनाई जाती हैं, उसी भावना से उनका धरातल पर प्रभावी क्रियान्वयन भी सुनिश्चित किया जाए, ताकि किसान इन योजनाओं का अधिकतम लाभ उठा सकें।

बागवानी से बढ़ेगी किसानों की आय

बागवानी विभाग की घोषणाओं की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों की आय के साधन बढ़ाने के लिए चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं को शीघ्र लागू किया जाए। उन्होंने नई बागवानी नीति के क्रियान्वयन में भी तेजी लाने पर बल दिया ताकि इसे अति शीघ्र लागू किया जा सके।  

बैठक में बताया गया कि राज्य में बागवानी विभाग द्वारा 11 उत्कृष्टता केंद्र पहले से ही संचालित किए जा रहे हैं, जबकि 3 केंद्र निर्माणाधीन हैं। इस वर्ष के बजट में तीन नए उत्कृष्टता केंद्रों – खजूर के लिए बरवाला (हिसार), लीची के लिए नबीपुर (अंबाला) और स्ट्रॉबेरी के लिए छछरौली (यमुनानगर) की स्थापना का भी प्रस्ताव है । इन पर विभिन्न चरणों में कार्य प्रगति पर है जिसे निर्धारित समय में पूरा कर लिए जायेगा।  

वीटा के बूथ बढ़ाकर लोगों को दिए जाएंगे रोजगार के नए अवसर

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि प्रदेश में वीटा के बूथों की संख्या बढ़ाई जाए जिससे लोगों को रोजगार के अधिक से अधिक अवसर उपलब्ध हो सकें।

बैठक में मुख्यमंत्री ने क्रमवार कृषि विभाग, बागवानी विभाग, वीटा, हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड, हरियाणा वेयरहाउस कॉरपोरेशन और पशुपालन एवं डेयरी विभाग की बजट घोषणाओं की प्रगति की समीक्षा की और निर्देश दिए कि निर्धारित समय-सीमा में कार्यों को तेज गति से पूरा किया जाए।

इस अवसर पर मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी, मुख्यमंत्री के मुख्य प्रधान सचिव राजेश खुल्लर, मुख्यमंत्री के अतिरिक्त प्रधान सचिव डॉ साकेत कुमार, वित्त विभाग के आयुक्त एवं सचिव मोहम्मद शाईन, पशुपालन एवं डेयरी विभाग के आयुक्त एवं सचिव विजय दहिया, हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड के मुख्य प्रशासक मुकेश आहुजा, कृषि विभाग के महानिदेशक राज नारायण कौशिक सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।


You may also like

Leave a Comment

NewZdex is an online platform to read new , National and international news will be avavible at news portal

Edtior's Picks

Latest Articles

Are you sure want to unlock this post?
Unlock left : 0
Are you sure want to cancel subscription?