कैदियों की स्वास्थ्य जांच के लिए नियमित रूप से लगाए शिविर
कैदियों की रिहाई के उपरांत उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए दिया जाएगा आवश्यकता अनुसार प्रशिक्षण
जिला में सभी सरकारी भवनों पर लगवाए सोलर पैनल
नागरिकों को पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना बारे करें जागरूक
पशुपालकों को पशुधन बीमा योजना की दें जानकारी
एनडी हिन्दुस्तान
रोहतक । उपायुक्त सचिन गुप्ता ने जिला कारागार के अधिकारियों से कहा कि वे कारागार में बंद कैदियों के कौशल विकास के लिए सर्वे करवाएं ताकि जिला प्रशासन द्वारा सर्वे के आधार पर कौशल विकास प्रशिक्षण शुरू किया जा सके। कारागार से रिहा होने के उपरांत ऐसे व्यक्ति कौशल विकास प्रशिक्षण प्राप्त होने से स्वरोजगार अपनाकर अपना जीवन यापन कर सकेंगे। कैदियों को कौशल का प्रशिक्षण देकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना सरकार का उद्देश्य है ताकि वे दोबारा अपराध का रास्ता न अपनाएं।
सचिन गुप्ता स्थानीय लघु सचिवालय स्थित सभागार में विभिन्न विभागों की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। उन्होंने क्रिड, पशुपालन एवं डेयरी, कारागार, सैनिक एवं अर्धसैनिक कल्याण, आबकारी एवं कराधान तथा वन विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उपायुक्त सचिन गुप्ता ने जिला कारागार के अधिकारियों के साथ कारागार में बंदियों के कल्याण के लिए किए जा रहे कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि कैदियों की स्वास्थ्य जांच के लिए नियमित अंतराल पर स्वास्थ्य शिविर लगवाए जाए। उन्होंने कहा कि जिला कारागार द्वारा बंदियों की शैक्षणिक योग्यता का सर्वे करवाया जाए ताकि सर्वें के आधार पर बंदियों को कंप्यूटर, बेकरी, वूडन, लेखाशास्त्र आदि का प्रशिक्षण करवाया जा सके।
उपायुक्त सचिन गुप्ता ने नवीन एवं नवीनीकरण ऊर्जा विभाग की समीक्षा करते हुए कहा कि जिला में सभी सरकारी भवनों पर सोलर पैनल लगवाए जाए ताकि बिजली पर निर्भरता कम हो सके और सोलर ऊर्जा का पूरा लाभ उठाया जा सके। स्थानीय लघु सचिवालय के भवन पर 350 किलोवाट क्षमता का सोलर पैनल लगवाने का प्रस्ताव है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री सूर्य घर बिजली मुफ्त योजना के बारे में नागरिकों को जागरूक किया जाए। यह सरकार की महत्वाकांक्षी योजना है।
सचिन गुप्ता ने पशुपालन एवं डेयरी विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे पशुपालकों को पशुधन बीमा योजना के बारे में जागरूक करें। यह योजना पशुपालकों के लिए लाभदायक योजना है। उन्होंने जिला में स्थित गऊशालाओं की जानकारी ली तथा अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे 12 पंजीकृत गऊशालाओं के अलावा एक अन्य गऊशाला के पंजीकरण की कार्रवाई भी पूर्ण करवाएं। उन्होंने जिला में पशुओं के टीकाकरण, पशुपालन अस्पतालों आदि के बारे में भी जानकारी हासिल की। उन्होंने जिला सैनिक एवं अर्धसैनिक कल्याण विभाग की कल्याण अधिकारी के साथ सैनिकों, अर्धसैनिकों, भूतपूर्व सैनिकों के कल्याण के लिए किए जा रहे कार्यों की समीक्षा की।
उपायुक्त सचिन गुप्ता ने अतिरिक्त उपायुक्त नरेंद्र कुमार के साथ परिवार पहचान पत्र के मुद्दों के बारे में विचार-विमर्श किया तथा आवश्यक हिदायतें दी। उन्होंने समाज कल्याण अधिकारी तथा कल्याण अधिकारी के साथ विभिन्न सामाजिक पेंशनों के क्रियान्वयन, मुख्यमंत्री विवाह शगुन योजना व अन्य छात्रवृत्ति योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा की। उन्होंने जिला समाज कल्याण अधिकारी को निर्देश दिए कि वे दिव्यांग व्यक्तियों के प्रमाण पत्र बनवाने के लिए स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ तालमेल कर खंड व तहसील स्तर पर जांच शिविर आयोजित करवाएं।
इस अवसर पर जेल अधीक्षक सत्यवान, अतिरिक्त उपायुक्त नरेंद्र कुमार, जेल उपाधीक्षक चरण सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी महाबीर गोदारा, जिला सैनिक एवं अर्धसैनिक कल्याण अधिकारी गोरिका सुहाग सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।