एसडीएम कैप्टन प्रमेश सिंह ने बारिश व घग्गर के जल स्तर को लेकर ली संबंधित विभागों के अधिकारियों की ली बैठक, दिए आवश्यक दिशा निर्देश
एनडी हिन्दुस्तान
गुहला-चीका । एसडीएम कैप्टन प्रमेश सिंह ने बारिश व घग्गर के जल स्तर को लेकर खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी कार्यालय चीका के हॉल में संबंधित विभागों के अधिकारियों की बैठक ली और आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी व कर्मचारी अपने स्टेशन पर तैनात रहें और अलर्ट रहें।
उन्होंने कहा कि घग्घर के साथ लगते गांवों में टीमें गठित की जाएगी, जो गांव में निरंतर स्थिति का जायजा लेने के साथ-साथ लोगों को जागरूक भी करेंगी। इन टीमों में ग्राम सचिव, सरपंच, चौकीदार, लाइनमैन तथा शिक्षा विभाग से एक सदस्य शामिल रहेंगे। यदि लोगों को किसी भी प्रकार की समस्या या परेशानी है तो इसकी सूचना तुरंत उच्चाधिकारियों को देना सुनिश्चित करें, ताकि लोगों को समय रहते राहत दी जा सके।
एसडीएम कैप्टन प्रमेश सिंह ने अधिकारियों ने निर्देश जारी किए कि वे ऐसे सुरक्षित स्थानों को चिन्हित करें, जिनका इस्तेमाल आपातकालीन स्थिति में किया जा सके। उन्होंने कहा कि यदि आपात स्थिति उत्पन्न होती है तो सभी स्थानीय सामाजिक संस्थाओं द्वारा लोगों को राहत सामग्री दी जाएगी, तो उसका वितरण सही प्रकार से किया जाए। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को कहा कि वे एंबुलेंस, फर्स्ट एड तथा अन्य जरूरी दवाईयों की उपलब्धता सुनिश्चित रखें। आशा वर्कर व एएनएम अपने-अपने गांवों में उपस्थित रहकर स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहे। उन्होंने बिजली विभाग के अधिकारियों को कहा कि आपातकालीन स्थिति में यदि गांव में जलभराव की समस्या से बिजली बाधित होती है तो लाइनमैन व अन्य स्टाफ डयूटी पर रहते हुए बिजली व्यवस्था को सुनिश्चित करेंगे। उन्होंने आमजन से भी आह्वान किया कि वे डयूटी पर तैनात अधिकारियों व कर्मचारियों का सहयोग करें।
कोई भी अफवाहों न फैलाए और न ही अफवाहों पर ध्यान दें। सोशल मीडिया पर पुराने बाढ़ के वीडियो व फोटो शेयर न करें। जिला व स्थानीय प्रशासन द्वारा इन पर निगरानी की जा रही है। यदि कोई व्यक्ति गलत अफवाह फैलाने में संलिप्त पाया जाता है तो संबंधित के खिलाफ कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। इस मौके पर नायब तहसीलदार बंसीलाल, खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी जगजीत सिंह, खंड शिक्षा अधिकारी बलबीर कश्यप, सिंचाई विभाग से एसडीओ अजमेर सिंह, बिजली विभाग से एसडीओ राहुल यादव, डॉ. अमन बंसल सहित विभिन्न गांवों के पटवारी व ग्राम सचिव उपस्थित रहे।
जिला स्तर और उपमंडल स्तर पर कंट्रोल रूम संचालित
लघु सचिवालय पहली मंजिल के कमरा नंबर 105 में जिला बाढ़ नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है। हेल्पलाइन नंबर 01746-234528 पर आमजन इमरजेंसी हालातों में संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा गुहला उपमंडल स्तर पर भी कंट्रोल रूम बनाया गया है।
जगजीत सिंह ने ली खंड गुहला के सभी सरपंचों की बैठक
खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी जगजीत सिंह ने सरपंचों की बैठक लेकर सम्भावित जल भराव की स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक सहयोग करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि गांव में किए गए प्रबंधों व अन्य महत्वपूर्ण जानकारी को जिला प्रशासन व स्थानीय प्रशासन के साथ सांझा जरूर करें। प्रशासन पूरी तरह से आपके साथ खड़ा है और हर संभव मदद की जाएगी। सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों पर ध्यान न दिया जाए और न ही पुरानी वीडियो को सोशल मीडिया पर जारी किया जाए। ग्रामीणों को इस बारे में पूर्णत: जागरूक किया जाए। कंडम बिल्डिंगों की पहचान की जाए और वहां पर किसी भी ग्राम वासी को न जाने दें। पशुओं के लिए चारे की पर्याप्त व्यवस्था की जाए। खाली कट्टों व मिट्टी से भरे कट्टों की उपलब्धता अपने पास जरूर रखें। उन्होंने घग्घर से लगते गांव के सरपंचों से पूर्ण फीडबैक ली।