Home Kurukshetra News पिकअप में परचून के सामान के नीचे छिपाकर रेणुका जी सप्लाई की जा रही थी पॉलिथीन, पांच कट्टे बरामद, दुकानदार का 25 हजार का चालान

पिकअप में परचून के सामान के नीचे छिपाकर रेणुका जी सप्लाई की जा रही थी पॉलिथीन, पांच कट्टे बरामद, दुकानदार का 25 हजार का चालान

by ND HINDUSTAN
0 comment

फिल्मी स्टाइल में पॉल्यूशन बोर्ड व नगर निगम की संयुक्त टीम ने की बड़ी कार्रवाई, दबिश देकर पकड़ी पिकअप

प्रत्येक बैग में भरी हुई थी 25 से 30 किलोग्राम पॉलिथीन, रेलवे रोड पर जेपी अस्पताल के सामने की गई कार्रवाई

एनडी हिन्दुस्तान

यमुनानगर। नगर निगम ने बुधवार को प्रतिबंधित पॉलिथीन बेचने वालों पर बड़ी कार्रवाई की। पॉल्यूशन बोर्ड व नगर निगम की टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए बुधवार दोपहर बाद रेलवे रोड पर जेपी अस्पताल के सामने प्रतिबंधित पॉलिथीन से भरी पिकअप गाड़ी पकड़ी। नगर निगम आयुक्त महाबीर प्रसाद के निर्देशों पर सीएसआई अनिल नैन व पॉल्यूशन बोर्ड के एसडीओ गौरव व अन्य सदस्यों की टीम ने यह कार्रवाई की। जांच करने पर गाड़ी से पांच कट्टे प्रतिबंधित पॉलिथीन बरामद की गई। यह पॉलिथीन रेलवे रोड स्थित धूपबत्ती मार्केट की दुकान से पिकअप में परचून के सामान के साथ लोड होकर हिमाचल प्रदेश के रेणुका जी जा रही थी। पकड़ी गई पॉलिथीन को पॉल्यूशन बोर्ड व निगम की टीम ने जब्त किया। इसके बाद निगम की टीम ने जिस दुकानदार से यह पॉलिथीन सप्लाई की गई थी, उस दुकानदार का 25 हजार रुपये का चालान किया गया।

सीएसआई अनिल नैन ने बताया कि उन्हें गुप्त सूचना मिली थी कि रेलवे रोड से एक पिकअप वाहन में परचून के सामान के साथ प्रतिबंधित पॉलिथीन की हिमाचल प्रदेश में सप्लाई की जा रही है। पिकअप वाहन को पकड़ने के लिए नगर निगम आयुक्त महाबीर प्रसाद के निर्देशों पर सीएसआई अनिल नैन, पॉल्यूशन बोर्ड के एसडीओ गौरव, होमगार्ड के जवान व अन्य सदस्यों की टीम गठित की गई। सीएसआई अनिल नैन ने बताया कि पिकअप को पकड़ने के लिए उन्होंने नगर निगम कार्यालय के बाहर जांच शुरू कर दी। कुछ देर बाद उन्हें रेलवे स्टेशन की तरफ से पिकअप वाहन आता दिखाई दिया। उन्हें सामने देख वाहन चालक ने पीछे ही अपनी गाड़ी को रोक लिया। गाड़ी रुकी देख उनकी टीम ने दौड़कर वाहन चालक को दबोच लिया और पिकअप की जांच की। जांच के दौरान पिकअप में परचून के सामान के नीचे छिपाकर रखे प्रतिबंधित पॉलिथीन के पांच कट्टे बरामद हुए। प्रत्येक कट्टे में 25 से 30 किलोग्राम पॉलिथीन भरा हुआ था। जिसे जब्त किया गया। पूछताछ में वाहन चालक ने बताया कि उसकी गाड़ी में यह सामान महावीर चौक के पास थोक विक्रेता दुकानदार की दुकान से लोड किया गया है। पूरे सामान का बिल उसके पास है। यह सामान वह हिमाचल प्रदेश के रेणुका जी लेकर जा रहा था। सीएसआई अनिल नैन ने बताया कि पकड़ी गई पॉलिथीन को जब्त किया गया। इसके बाद निगम आयुक्त महाबीर प्रसाद के निर्देशों पर दुकानदार का 25 हजार रुपये का चालान किया गया। उन्होंने सभी दुकानदारों को चेतावनी दी कि प्रतिबंधित पॉलिथीन न बेचे। पॉलीथिन बेचने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। जिस भी दुकानदार के पास से पॉलिथीन बरामद होगी, उसका चालान किया जाएगा। उन्होंने आमजन से भी अपील की कि वे पॉलिथीन का इस्तेमाल न करें। पॉलिथीन के इस्तेमाल से कैंसर जैसी जानलेवा बीमारी होती है। इसके अलावा पॉलिथीन अघुलनशील है। यह न तो पानी में गलती है और न ही जमीन में खत्म होती है। पॉलिथीन इस्तेमाल कर लोग इसे नालों, नालियों व सीवरेज में फेंक देते है। जिससे नाले, नालियां व सीवरेज ब्लॉक होते है और पानी निकासी की बड़ी समस्या उत्पन्न होती है। आमजन से अपील है कि वे पॉलिथीन का इस्तेमाल न करे। बाजार से सामान खरीदने जाते समय कपड़े के थैले लेकर जाए। नगर निगम आयुक्त महाबीर प्रसाद ने कहा कि प्रदेश के सभी शहरों को साफ व सुंदर बनाने के लिए हरियाणा शहर स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत अपने शहर को सुंदर, साफ व स्वच्छ बनाने के लिए निगम अनेक प्रयास कर रहा है। शहर में विशेष सफाई अभियान, अतिक्रमण हटाओ अभियान, सड़कों के डिवाइडर को सुंदर बनाने व हर नाले व नाली की सफाई करने का कार्य किया जा रहा है। शहर को कचरा मुक्त और अतिक्रमण मुक्त बनाने का प्रयास किया जा रहा है। आमजन से अपील है कि सभी हरियाणा सरकार द्वारा चलाए गए हरियाणा शहर स्वच्छता अभियान को सफल बनाने में सहयोग करे। सड़कों पर गंदगी न फैलाएं, पॉलिथीन का इस्तेमाल न करें, सड़क पर सामान रखकर अतिक्रमण न करें। शहर को व्यवस्थित बनाए रखने में निगम का सहयोग करें।

You may also like

Leave a Comment

NewZdex is an online platform to read new , National and international news will be avavible at news portal

Edtior's Picks

Latest Articles

Are you sure want to unlock this post?
Unlock left : 0
Are you sure want to cancel subscription?