सभी पदाधिकारी निर्विरोध चुने गए, एक नवंबर से हर जिले में होंगे खेल
एनडी हिन्दुस्तान
रोहतक। हरियाणा बाक्सिंग संघ के चुनाव सर्वसम्मति से संपन्न हुए। संघ के अध्यक्ष पद पर मेजर सत्यपाल सिंधु को लगातार तीसरी बार यह जिम्मेदारी सौंपी गई है। खास बात यह रही कि इस बार जितने भी पद थे, उन पर केवल एक-एक प्रत्याशी ने ही नामांकन दाखिल किया था और किसी ने भी उनके खिलाफ पर्चा दाखिल नहीं किया। ऐसे में सभी पदाधिकारी निर्विरोध चुने गए।
चुनाव प्रक्रिया संघ के रिटर्निंग ऑफिसर अजय सिंह, ओलंपिक संघ के सचिव मंजीत सिंह और राजस्थान बाक्सिंग संघ के अध्यक्ष धीरेंद्र सिंह की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। निर्विरोध चुने गए पदाधिकारियों में अध्यक्ष मेजर सत्यपाल सिंधु, महासचिव ओमबीर हुड्डा, कोषाध्यक्ष हितेश देसवाल, उपाध्यक्ष एडवोकेट नवीन, रणबीर, यशवीर राघव और रविंद्र पन्नू, संयुक्त सचिव प्रियंका तेवतिया, नवीन हुड्डा, अनिल शर्मा और सुनील कुमार, कार्यकारिणी सदस्य राहुल, संदीप मोर, सोनू मालिक और बलजीत संधू को बनाया गया हैं। मेजर सिंधु ने घोषणा की कि संघ की ओर से एक नवंबर से बाक्सिंग प्रतियोगिताएं शुरू की जाएंगी, जिनमें हर जिले से खिलाड़ियों को शामिल किया जाएगा। चुनाव के दौरान प्रदेश के कोच व खिलाड़ी भी मौके पर मौजूद रहे।
मेजर सत्यपाल सिंधु ने कहा कि यह मेरे लिए गर्व की बात है कि मुझे लगातार तीसरी बार यह जिम्मेदारी दी गई। संघ ने जो भरोसा जताया है, उसे मैं पूरी निष्ठा से निभाऊंगा। हमारा मकसद सिर्फ पद पाना नहीं बल्कि खिलाड़ियों का भविष्य संवारना है। हम हर जिले में बाक्सिंग गतिविधियों को सक्रिय करेंगे। गांव-गांव से नए खिलाड़ियों को सामने लाना हमारी प्राथमिकता रहेगी।
संघ को मजबूत बनाना और हरियाणा को राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित करना मेरा सपना है
मंजीत सिंह (सचिव, ओलंपिक संघ) ने कहा कि हरियाणा बाक्सिंग संघ का यह चुनाव पूरी पारदर्शिता से सम्पन्न हुआ। सभी पदाधिकारी निर्विरोध चुने गए, यह संघ की एकजुटता का प्रतीक है।
सिंधु जी का अनुभव संघ के लिए बहुमूल्य रहेगा। मुझे विश्वास है कि उनकी अगुवाई में बाक्सिंग को नई ऊंचाइयां मिलेंगी। खिलाड़ियों को बेहतर अवसर और सुविधाएं मिलें, यह हमारी साझा जिम्मेदारी है।
धीरेंद्र सिंह (अध्यक्ष, राजस्थान बाक्सिंग संघ) ने कहा कि आज का चुनाव बेहद सौहार्दपूर्ण वातावरण में हुआ। हरियाणा में बाक्सिंग की परंपरा मजबूत है, और यह चुनाव उस परंपरा को आगे बढ़ाएगा। सिंधु जी जैसे नेतृत्वकर्ता का चुना जाना खिलाड़ियों के लिए सौभाग्य की बात है। यह निर्विरोध चुनाव संघ की एकता और अनुशासन का उदाहरण है। मुझे यकीन है कि आने वाले वर्षों में हरियाणा से कई इंटरनेशनल खिलाड़ी निकलेंगे।