एनडी हिन्दुस्तान
रोहतक । हरियाणा सरकार ने आयुष विभाग में होम्योपैथिक डाक्टरों की नियमित भर्ती करने का निर्णय लिया है। राज्य सरकार की इस पहल से होम्योपैथी चिकित्सा पद्धति में डिग्री धारक युवाओं को रोजगार उपलब्ध होगा तथा मरीजों को होम्योपैथिक उपचार सेवाओं के अधिक अवसर उपलब्ध होंगे।
होम्योपैथी मेडिकल एसोसिएशन (एचएमएआई) के प्रदेशाध्यक्ष डा. सुरेश कुमार ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस बारे में एसोसिएशन ने माननीय मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को कुछ समय पूर्व एक ज्ञापन दिया था। मुख्यमंत्री ने इस विषय पर गंभीरता से विचार करते हुए होम्योपैथी चिकित्सा पद्धति के प्रोत्साहन का पूरा आश्वासन दिया था। उन्होंने यह भी बताया था कि होम्योपैथी के सर्विस रूल बना दिये गए हैं जिनकी जल्द अधिसूचना जारी कर दी जाएगी।
डा. नांदल ने बताया कि हरियाणा सरकार ने इस पर संज्ञान लेते हुए आयुष विभाग में होम्योपैथी मेडिकल आफिसर के 152 नियमित पद विज्ञापित करने का निर्णय लिया है। सेवा नियमों की अधिसूचना जारी कर दी गई है। इसके अलावा राज्य सरकार ने कुरुक्षेत्र स्थित श्री कृष्णा आयुष विश्वविद्यालय में होम्योपैथी डाक्टर की नियुक्ति के साथ होम्योथिक चिकित्सा पद्धति की ओपीडी सेवाएं प्रारंभ कर दी हैं।मेडिकल एसोसिएशन हरियाणा इकाई ने इस पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का आभार व्यक्त किया है। डा. नांदल ने बताया कि राज्य सरकार की ओर से अंबाला में राजकीय होम्योपैथी मेडिकल कालेज प्रस्तावित है। यहां पर ओपीडी सेवाएं प्रारंभ कर गई हैं जबकि कालेज की निर्माण प्रक्रिया जारी है। उन्होंने राज्य सरकार से मांग की है कि इस राजकीय कालेज की जल्द शुरुआत की जाए ताकि लोगों को इस चिकित्सा सुविधा का पर्याप्त फायदा मिल सके। डा. नांदल ने बताया कि रोहतक में जेआर किसान होम्योपैथी मेडिकल कालेज लंबे समय से अपनी सेवाएं दे रहा है।