दिव्य योग मंदिर को डिप्टी स्पीकर ने की 5 लाख देने की घोषणा
एनडी हिन्दुस्तान
रोहतक । भागदौड़ और तनाव भरी जिंदगी में अगर मनुष्य योग क्रियाओ को शामिल कर लें तो उसके जीवन की कायाकल्प हो सकती है । यह विचार गोहाना अड्डा स्थित दिव्य योग मंदिर के ब्रह्मलीन योगाचार्य अशोक जी के चतुर्थ निर्वाण दिवस के उपलक्ष में मनाए जा रहे 75 वे वार्षिकोत्सव पर मुख्य अतिथि के रूप में पधारे विधानसभा हरियाणा के डिप्टी स्पीकर डॉक्टर कृष्ण लाल मिड्डा ने रखें। उन्होंने कहा कि आदिकाल से योग पद्धति का प्रचलन है लेकिन आज के दौर में यह हर मनुष्य के लिए एक रामबाण दवा है जो मेडिकल साइंस के लिए भी एक चुनौती है। उन्होंने कहा कि उनका सौभाग्य है कि आज इस गुरु घर से जुड़े पारिवारिक सदस्य मनीष ग्रोवर के कहने पर उन्हें यहां आने का मौका मिला और गुरुजनों का आशीर्वाद पाया। वहीं पूर्व सहकारिता मंत्री मनीष ग्रोवर ने कहा कि दिव्य योग मंदिर से उनका पारिवारिक नाता है और इस मंदिर के गुरुजनों के आशीर्वाद से ही आज वह राजनीति में वह मुकाम हासिल कर चुके हैं जिसको शब्दों में बया नहीं किया जा सकता। आज प्रातः काल इस वार्षिकोत्सव के अवसर पर मंदिर के गुरुजनों के आशीर्वाद से गुरु गद्दी नशीन प्रधान योगाचार्य श्री स्वामी अमित देव जी के सानिध्य में आरती पूजन गुरु गीता कलश पूजन हवन और योग साधना प्रदर्शनी का आयोजन किया गया जिसमें यमुनानगर से आए योगाचार्य विनय कुमार ने योग क्रियाओ का प्रदर्शन किया । इसके पश्चात भंडारे का भी आयोजन किया गया जिसमें हजारों भक्तों ने ब्रह्म भोज के बाद प्रसाद ग्रहण किया। इस वार्षिकोत्सव में उपस्थित जनों को संबोधित करते हुए श्री स्वामी अमित देव जी ने कहा कि वह बड़े भाग्यशाली हैं कि उन्हें ऐसे गुरुओं का सानिध्य मिला जो साक्षात अपने आप में परमात्मा का रूप थे और योग साधना में उनके मुकाबले में शायद ही हरियाणा पंजाब राजस्थान के अलावा अन्य राज्यों में कोई और हो। उन्होंने कहा कि उनके ब्रह्मलीन पिता योगाचार्य स्वामी सुरेंद्र जी महाराज के सानिध्य में उन्हें यह गुरु घर की गुरु गद्दी विरासत में मिली है जिसके माध्यम से वह जनकल्याण हेतु योग का प्रचार प्रसार गुरु माताएं शक्ति देवी और मीना देवी के आशीर्वाद से कर रहे हैं। अमित देव जी ने कहा कि रोहतक दिव्य योग मंदिर में योगाचार्य कार्तिकेय और नित्यानंद अपने गुरुओं के आशीर्वाद से योग का प्रचार कर रहे हैं जिससे लोगों की निरोगी काया तो हो रही है साथ ही उन्हें आनंद की अनुभूति होती है। आज इस धार्मिक समारोह के अवसर पर जाने-माने समाजसेवी और उद्योगपति राजेश जैन गोकर्ण तीर्थ के पीठाधीश्वर कमल पुरी जी महाराज कपिल पुरी जी महाराज के अलावा डेरा बाबा बालक पुरी के महामंडलेश्वर करण पुरी जी महाराज तथा कलानौर गुरु गद्दी के कई संत महात्मा अपना आशीर्वाद देने पहुंचे।