कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय अंतर महाविद्यालय कबड्डी (महिला) चैम्पियनशिप 2025-26 सम्पन्न
एनडी हिन्दुस्तान
कुरुक्षेत्र। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के खेल प्रांगण में आयोजित अंतर महाविद्यालय कबड्डी (महिला) चैम्पियनशिप 2025-26 उत्साह, जोश और खेल भावना के साथ सफलतापूर्वक सम्पन्न हुई।
प्रतियोगिता के समापन अवसर पर खेल निदेशक प्रो. दिनेश राणा ने सभी प्रतिभागी टीमों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि “खेल व्यक्ति में नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और प्रतिस्पर्धात्मक भावना को विकसित करते हैं। विश्वविद्यालय सदैव खिलाड़ियों को प्रोत्साहन एवं आवश्यक संसाधन प्रदान करता रहेगा।”
उन्होंने यह भी कहा कि टूर्नामेंट का संचालन उत्कृष्ट ढंग से किया गया और खिलाड़ियों ने पूरे आयोजन के दौरान शानदार अनुशासन, टीमवर्क और उच्च खेल भावना का प्रदर्शन किया। खिलाड़ियों के प्रदर्शन ने न केवल अपनी-अपनी संस्थाओं का गौरव बढ़ाया, बल्कि विश्वविद्यालय के खेल मानकों को भी नई ऊँचाई दी।
समापन अवसर पर अंतरराष्ट्रीय बॉक्सिंग कोच राजेश कुमार राजौंद ने अंतिम दिवस के मैच परिणामों और विजेता टीमों की जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि चौम्पियनशिप के सभी मुकाबले अत्यंत रोमांचक और संघर्षपूर्ण रहे। साथ ही, आगामी उत्तर क्षेत्र विश्वविद्यालय कबड्डी चैम्पियनशिप, जो 24 से 27 अक्तूबर तक लद्दाख में आयोजित होगी, के लिए प्रदर्शन के आधार पर 14 खिलाड़ियों का चयन भी किया गया है।
इस अवसर पर अंतरराष्ट्रीय बॉक्सिंग कोच राजेश कुमार राजौंद, चयन समिति सदस्य डॉ. मोहिंदर आलमपुर, डॉ. बलविंदर ढांडा, डॉ. बलविंदर गुलिया, कबड्डी कोच संदीप करोड़ा, टेक्निकल ऑफिशियल नरेंद्र राणा, सुंदर दत्त, सुरेंद्र, मनीषा एवं साक्षी सहित विभिन्न कॉलेजों के टीम इंचार्ज और अधिकारी उपस्थित रहे।
बाक्स
ए.के.एम.वी. मूर माजरा ने प्राप्त किया प्रथम स्थान
गवर्नमेंट कॉलेज, इसराना ने आर्य पी.जी. कॉलेज, पानीपत को 25-17 से हराया। ए.के.एम.वी. मूर माजरा कॉलेज ने आर.के.एस.डी. कॉलेज, कैथल को 73-06 से पराजित किया। आर्य कॉलेज, पानीपत ने आर.के.एस.डी. कॉलेज, कैथल को 33-31 से मात दी। ए.के.एम.वी. मूर माजरा ने गवर्नमेंट कॉलेज, इसराना को 37-34 से हराया। इसके साथ ही प्रथम स्थान पर ए.के.एम.वी. मूर माजरा कॉलेज ने, द्वितीय स्थान गवर्नमेंट कॉलेज, इसराना ने, तृतीय स्थान आर्य पी.जी. कॉलेज, पानीपत तथा चौथा स्थान आर.के.एस.डी. कॉलेज, कैथल ने प्राप्त किया।