एनडी हिन्दुस्तान
कुरुक्षेत्र।भारत की प्रगति के इतिहास में एक और स्वर्णिम अध्याय के रूप में अंकित हुआ, जब देश के माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के कर-कमलों से एक साथ और चार नई वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों का शुभारंभ किया गया। इन ट्रेनों में से एक फिरोजपुर (पंजाब) से दिल्ली तक संचालित हुई। इस ऐतिहासिक अवसर के साक्षी बनने का गौरव गीता निकेतन आवासीय विद्यालय, कुरुक्षेत्र के 31 विद्यार्थियों और दो शिक्षकों को प्राप्त हुआ।
नई वंदे भारत ट्रेन के शुभारंभ तथा कुरुक्षेत्र में स्टॉपेज बनने के उपलक्ष में आत्मनिर्भर भारत विषय पर ड्राइंग व पेंटिंग तथा निबंध प्रतियोगिता आयोजित करवाई गई जिसमें गीता निकेतन आवासीय विद्यालय के 6 विद्यार्थियों ने पुरस्कार प्राप्त किया।
यह वंदे भारत एक्सप्रेस केवल एक आधुनिक रेल नहीं, बल्कि भारत की आत्मनिर्भरता, प्रगति, राष्ट्रीयता और नवाचार का सशक्त प्रतीक है। यह ट्रेन आधुनिक तकनीक, स्वदेशी निर्माण और उत्कृष्ट यात्री सुविधा का अद्भुत उदाहरण प्रस्तुत करती है, जो “आत्मनिर्भर भारत” के संकल्प को और भी सशक्त बनाती है।
गीता निकेतन आवासीय विद्यालय, जहाँ 24 राज्यों के विद्यार्थी अध्यनरत हैं, के लिए यह रेल सेवा बहुत महत्वपूर्ण है संबंधित स्थानों से आने वाले विद्यार्थियों तथा उनके अभिभावकों को यात्रा में अत्यंत सुगमता प्राप्त होगी।
विद्यालय परिवार की ओर से माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी तथा आदरणीय सांसद नवीन जिंदल जी का हृदय से धन्यवाद , जिन्होंने इस ऐतिहासिक पहल के माध्यम से देश को आधुनिकता और एकता के पथ पर आगे बढ़ाया।