एनडी हिन्दुस्तान
कुरुक्षेत्र। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सोमनाथ सचदेवा के मार्गदर्शन में इतिहास विभाग, द्वारा शैक्षणिक भ्रमण का आयोजन किया गया। पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा इन आर्काइव्स एंड रिकॉर्ड मैनेजमेंट के विद्यार्थियों और विभाग के शोधार्थियों को राष्ट्रीय अभिलेखागार, नई दिल्ली व राष्ट्रीय संग्रहालय, नई दिल्ली का भ्रमण करवाया गया । विद्यार्थियों को राष्ट्रीय अभिलेखागार और राष्ट्रीय संग्रहालय, नई दिल्ली का भ्रमण करवाकर उन्हें व्यावहारिक प्रशिक्षण और ऐतिहासिक धरोहरों से रूबरू होने का अवसर प्रदान किया। इस शैक्षणिक भ्रमण का नेतृत्व इतिहास विभाग के अध्यक्ष डॉ. धर्मबीर ने किया। उन्होंने बताया कि अभिलेखागार और संग्रहालय इतिहास के अध्ययन का आधार हैं, और छात्रों को वास्तविक अभिलेखों व ऐतिहासिक सामग्री को देखने का अवसर उन्हें शोध एवं अध्ययन के नए आयाम प्रदान करता है।
भ्रमण के दौरान डॉ. श्वेता कश्यप और नरदेव छात्रों के साथ रहे और उन्होंने विद्यार्थियों को अभिलेख संरक्षण और संग्रहालयों की संरचना से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी उपलब्ध करवाई। राष्ट्रीय अभिलेखागार, नई दिल्ली में डॉ. हितेंद्र और डॉ. रीटा ने छात्रों व शोधार्थियों को अभिलेखागार के महत्व, प्रबंधन प्रणाली, संरक्षण तकनीकों तथा शोधार्थियों के लिए उपलब्ध संसाधनों के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने अभिलेखों के डिजिटलीकरण, दस्तावेजों की श्रेणीबद्धता और ऐतिहासिक प्रमाणों के संरक्षण से जुड़े आधुनिक तरीकों पर भी प्रकाश डाला। राष्ट्रीय संग्रहालय के भ्रमण के दौरान छात्रों ने प्राचीन मूर्तिकला, पांडुलिपियों, कला कृतियों और भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की अनमोल वस्तुओं को देखा। विद्यार्थियों ने विभिन्न सभ्यताओं, संस्कृतियों और ऐतिहासिक कालखंडों से संबंधित दुर्लभ सामग्री का अवलोकन कर अपने ज्ञान को समृद्ध किया। इतिहास विभाग द्वारा आयोजित इस अध्ययन यात्रा ने छात्रों को न केवल इतिहास के व्यावहारिक पक्ष से जोड़ा, बल्कि उन्हें शोध, संग्रहालय विज्ञान और अभिलेख प्रबंधन के क्षेत्र में करियर के नए अवसरों से भी अवगत कराया।