सुशासन दिवस केवल एक औपचारिक आयोजन नहीं, बल्कि आत्ममंथन का अवसर- मेयर सुमन बहमनी
नगर निगम कार्यालय में सुशासन दिवस के रूप में मनाया गया पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी का जन्मदिवस
एनडी हिन्दुस्तान
यमुनानगर।नगर निगम कार्यालय के सभागार में वीरवार को भारत रत्न देश के भूतपूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी का जन्मदिन सुशासन दिवस के रूप में श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि नगर निगम मेयर सुमन बहमनी, नगर निगम आयुक्त महाबीर प्रसाद तथा अतिरिक्त निगम आयुक्त धीरज कुमार, उप निगम आयुक्त कुलदीप मलिक ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर निगम के अधिकारी, कर्मचारी एवं अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मेयर सुमन बहमनी ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी भारतीय राजनीति के ऐसे व्यक्तित्व थे, जिन्होंने अपनी दूरदर्शी सोच, सरल व्यवहार और मजबूत नेतृत्व से देश को नई दिशा दी। उन्होंने सुशासन को केवल एक शब्द नहीं, बल्कि एक कार्यशैली के रूप में अपनाया। उन्होंने सदैव अंत्योदय की भावना के साथ काम किया और समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाने का प्रयास किया। मेयर ने कहा कि सुशासन दिवस केवल एक औपचारिक आयोजन नहीं, बल्कि आत्ममंथन का अवसर है, जिससे हम अपने कार्यों को और बेहतर बना सकें। सुशासन दिवस मनाने का उद्देश्य भी यही है कि हम उनके विचारों को आत्मसात कर प्रशासन में पारदर्शिता, जवाबदेही और जनसेवा को प्राथमिकता दें। इस दौरान मेयर सुमन बहमनी ने निगम अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि वे अपने कार्यों में ईमानदारी, पारदर्शिता और जिम्मेदारी का पालन करें और संकल्प लें कि नगर वासियों की शिकायतों व समस्याओं का निष्पक्ष रूप से समाधान करेंगे और अपने यमुनानगर को नंबर वन बनाने का कार्य करेंगे।नगर निगम आयुक्त महाबीर प्रसाद ने अपने संबोधन में कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी का जीवन हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने प्रधानमंत्री रहते हुए देश को कई ऐतिहासिक योजनाएं और निर्णय दिए, जिनका लाभ आज भी देशवासियों को मिल रहा है। चाहे सड़क, संचार, शिक्षा या विदेश नीति हो, हर क्षेत्र में अटल बिहारी वाजपेयी का योगदान अविस्मरणीय है। आयुक्त ने कहा कि सुशासन का अर्थ है आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान और योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन। नगर निगम भी इसी भावना के साथ शहर के विकास और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है।अतिरिक्त निगम आयुक्त धीरज कुमार ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी केवल एक राजनेता ही नहीं, बल्कि एक संवेदनशील कवि, विचारक और कुशल प्रशासक भी थे। उन्होंने राजनीति में रहते हुए भी मर्यादा और मूल्यों को बनाए रखा। उनका जीवन हमें सिखाता है कि सत्ता का उद्देश्य सेवा होना चाहिए। कार्यक्रम के दौरान अटल बिहारी वाजपेयी के जीवन, उनके विचारों और सुशासन की अवधारणा पर प्रकाश डाला गया। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने अटल बिहारी वाजपेयी के आदर्शों पर चलने और उनके बताए मार्ग पर प्रशासन को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। मौके पर क्षेत्रीय कराधान अधिकारी अजय वालिया, मुख्य सफाई निरीक्षक अनिल नैन, मुख्य सफाई निरीक्षक हरजीत सिंह, गोपाल बक्शी, प्रदीप दहिया, सतबीर, कमल दहिया आदि मौजूद रहें।