खेल और सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में दिखा भारी उत्साह
एनडी हिन्दुस्तान
कुरुक्षेत्र। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सोमनाथ सचदेवा के मार्गदर्शन में शिक्षक क्लब द्वारा बाल दिवस समारोह 2025 के अंतर्गत क्लब सदस्यों और उनके बच्चों के लिए दो दिवसीय खेल एवं रचनात्मक गतिविधियों का शानदार आयोजन किया गया। इन कार्यक्रमों के माध्यम से न केवल शिक्षकों के परिवारों के बीच आपसी मेलजोल बढ़ा, बल्कि बच्चों को अपनी प्रतिभा दिखाने का एक बेहतरीन मंच भी मिला।आयोजन के पहले दिन, 27 दिसंबर को श्रीमद्भगवद्गीता सदन के सामने वाले मैदान में विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। क्लब के पुरुष एवं महिला सदस्यों ने बोरी दौड़, नींबू-चम्मच दौड़ और रस्साकशी जैसी पारंपरिक प्रतियोगिताओं में पूरे जोश के साथ भाग लिया। वहीं बच्चों के लिए स्लो साइक्लिंग, गुब्बारा फोड़, नींबू-चम्मच दौड़ और बोरी दौड़ जैसी मनोरंजक प्रतियोगिताएँ आयोजित की गईं, जिसका बच्चों ने भरपूर आनंद लिया।कार्यक्रम के दूसरे दिन, 28 दिसंबर को कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय शिक्षक क्लब में संकाय सदस्यों के बच्चों के लिए सांस्कृतिक एवं रचनात्मक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इस दौरान बच्चों ने चित्रकला, बेस्ट आउट ऑफ वेस्ट, गायन, एकल नृत्य और कविता पाठ के माध्यम से अपनी रचनात्मकता और कला का प्रदर्शन किया। नन्हे कलाकारों की प्रतिभा ने वहाँ उपस्थित सभी सदस्यों का मन मोह लिया।इन कार्यक्रमों में जबरदस्त उत्साह, रचनात्मकता और पारिवारिक सहभागिता देखने को मिली। शिक्षक क्लब के प्रधान डॉ. ज्ञान चहल ने इस आयोजन को सफल बनाने के लिए सभी प्रतिभागियों, आयोजकों और सहयोगियों का हार्दिक धन्यवाद व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से विश्वविद्यालय के शैक्षणिक परिवेश में एक नई ऊर्जा का संचार होता है और सामुदायिक भावना सुदृढ़ होती है।