उपायुक्त उत्तम सिंह की अध्यक्षता में जिला स्तरीय सतर्कता एवं निगरानी समिति की बैठक आयोजित
एनडी हिन्दुस्तान
करनाल। उपायुक्त उत्तम सिंह ने कहा कि जिला में एससी-एसटी एक्ट के प्रति आमजन को जागरूक किया जाए। संबंधित अधिकारी उन क्षेत्रों को चिह्नित करें। जहाँ इस प्रकार के मामले अधिक सामने आ रहे हैं। ऐसे स्थानों पर विशेष जागरूकता कैंप और कार्यशालाएं आयोजित की जाएं ताकि समाज में सौहार्द और लोगों को कानून की जानकारी हो सके।उपायुक्त उत्तम सिंह बुधवार को लघु सचिवालय के सभागार में एससी-एसटी अत्याचार निवारण के लिए गठित जिला स्तरीय सतर्कता एवं निगरानी समिति की बैठक में निर्देश दे रहे थे। उन्होंने समिति के कार्यों में पारदर्शिता और सुगमता लाने के लिए डीडब्ल्यूओ को निर्देश दिए कि समिति के सभी सदस्यों के आधिकारिक पहचान पत्र (आई कार्ड) बनाए जाएं। इससे सदस्यों को फील्ड विजिट या निरीक्षण के दौरान किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ेगा।बैठक में उत्तम सिंह ने निर्देश दिए कि अधिनियम के दायरे में आने वाले मामलों की जांच पूरी निष्पक्षता और संवेदनशीलता के साथ की जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी निर्दोष के साथ अन्याय नहीं होना चाहिए और वास्तविक पीड़ित को समय पर न्याय मिलना सुनिश्चित हो। उन्होंने निर्देश दिए कि एक्ट के तहत दर्ज मुकदमों में पीड़ितों को दी जाने वाली सहायता राशि का भुगतान जल्द से जल्द किया जाए। उन्होंने जिला कल्याण अधिकारी को निर्देश दिए कि यदि भुगतान के लिए अतिरिक्त फंड की आवश्यकता है, तो तुरंत विभाग से बजट की डिमांड की जाए ताकि किसी भी पीड़ित की सहायता में देरी न हो। बैठक में जिला कल्याण अधिकारी कृष्णा देवी व समिति के सदस्य मौजूद रहे।