न्यूज डेक्स संवाददाता शाहाबाद,4 अगस्त। सामान्य वर्ग के निर्धन एवं मेधावी विद्यार्थियों की शिक्षा मे आर्थिक सहायता करने वाली सामाजिक संस्था शाहाबाद विकास मंच ने शहर के दो स्कूलों मे पौधारोपण किया व सैनेटरी नैपकिन मशीनें भेंट कर सादगी से अपना छठा स्थापना दिवस मनाया। मंच के चेयरमैन अशोक खुराना ने बताया कि मंच के सफलतापूर्वक 6 साल पूरे होने पर विश्वास पब्लिक स्कूल एवं गीता विद्या मंदिर स्कूल में सैनेटरी नैपकिन वैंडिंग मशीनें भेंट की गई। मंच की महिला सदस्य सुषमा आहुजा व सोनिया मलिक ने बताया कि स्कूल की छात्राएं अपने स्वास्थ्य के प्रति लापरवाह रहती हैं। अब इन मशीनों से छात्राओं को आसानी से पैड उपलब्ध होंगे। इस मौके पर विश्वास स्कूल की प्राचार्या स्नेह राजपाल, गीता स्कूल के प्राचार्य पंकज शर्मा, मंच के संस्थापक एवं अध्यक्ष राजेश सिडाना, सोमांशु खुराना आदि मौजूद थे।