मेयर ने स्टॉर्म वाटर लाइन व जलभराव वाले इलाकों का किया निरीक्षण
अधिकारियों को दिए निर्देश- प्रोफेसर कॉलोनी, सरोजिनी कॉलोनी समेत विभिन्न क्षेत्रों का लिया जायजा
एनडी हिन्दुस्तान
यमुनानगर। आगामी मानसून के दौरान ट्विनसिटी यमुनानगर-जगाधरी में जलभराव की समस्या न हो, इसके लिए नगर निगम ने अभी से व्यापक स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी हैं। जलभराव की आशंका वाले क्षेत्रों को चिन्हित कर वहां मौजूद तकनीकी खामियों को दूर किया जा रहा है। मेयर सुमन बहमनी व नगर निगम आयुक्त महाबीर प्रसाद अधिकारियों के साथ फील्ड में उतरकर जलभराव वाले इलाकों का खुद जायजा ले रहे है। जगाधरी के बाद मेयर सुमन बहमनी ने यमुनानगर में बारिश के दौरान जलभराव होने वाले क्षेत्रों का दौरा किया।निरीक्षण के दौरान मेयर ने सबसे पहले पार्षद संदीप धीमान, निगम के सहायक अभियंता सुरेंद्र दहिया, कनिष्ठ अभियंता नरेश दहिया, भंवर जोत सिंह, संदीप बजाज व अन्य के साथ चांदपुर बाईपास के पास रेलवे लाइनों के नीचे स्टॉर्म वाटर लाइन डालने के कार्य का जायजा लिया। उन्होंने मौके पर मौजूद निगम अधिकारियों से कार्य की प्रगति, तकनीकी पहलुओं और समय सीमा को लेकर विस्तार से जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने रेलवे अधिकारियों से भी बातचीत कर रेलवे लाइन के नीचे स्टॉर्म वाटर लाइन डालने का कार्य जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। ताकि बारिश के दौरान पानी की निकासी सुचारू रूप से हो सके। इसके उपरांत मेयर ने वार्ड आठ के पार्षद विभोर पाहुजा, एसडीओ मृणाल जयसवाल, जेई अजय के साथ प्रोफेसर कॉलोनी, जिमखाना क्लब के पीछे स्थित प्रोफेसर कॉलोनी के श्मशान घाट के पास, ट्रैफिक पार्क के सामने सरोजिनी कॉलोनी, हनुमान मंदिर के पास सहित अन्य जलभराव वाले प्रमुख प्वाइंट्स का निरीक्षण किया। इन स्थानों पर बरसात के समय होने वाली समस्याओं को लेकर स्थानीय हालात का आकलन किया गया। मेयर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नालों और स्टॉर्म वाटर लाइनों की नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए, कहीं भी कचरा या मिट्टी जमा न रहने दी जाए और जहां आवश्यक हो वहां अतिरिक्त निकासी व्यवस्था की जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि क्षतिग्रस्त नालों को दुरुस्त करें। नालों की गहराई तक सफाई की जाए। नालों पर किए गए कब्जे व अतिक्रमण हटाए। मेयर सुमन बहमनी ने कहा कि मानसून से पहले सभी संवेदनशील क्षेत्रों में आवश्यक सुधार कार्य पूरे करना निगम की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि फील्ड में रहकर लगातार मॉनिटरिंग करें और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जलभराव वाले सभी चिन्हित क्षेत्रों में तकनीकी सर्वे कर समाधान लागू किए जा रहे हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि समय रहते आवश्यक कदम उठाकर इस बार मानसून में शहरवासियों को जलभराव की समस्या से राहत दिलाने का पूरा प्रयास किया जाएगा।
जल्द पूरा करें स्टॉर्म वाटर लाइन डालने का कार्य
मेयर सुमन बहमनी ने निगम व रेलवे अधिकारियों को रेलवे लाइन के नीचे व आसपास स्टॉर्म वाटर लाइन डालने का कार्य जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। मेयर सुमन बहमनी ने बताया कि जगाधरी शहर समेत विभिन्न कॉलोनियों के बरसाती पानी को जम्मू कॉलोनी स्थित सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) तक पहुंचाने के लिए नगर निगम द्वारा अमृत योजना के तहत करीब 11.84 करोड़ की लागत से 2019 में स्टॉर्म वाटर लाइन डालने का कार्य शुरू किया गया था। ड्रेन से जगाधरी से आ रहे बड़े नाले का पानी यमुनानगर की कॉलोनियों के बजाय आउटर में पुराने एनएच-73 पर डायवर्ट कर डिचड्रेन तक ले जाना है। इस 4500 मीटर लंबी ड्रेन का काम 95 प्रतिशत काम पूरा हो गया था। ड्रेन का काम चांदपुर आरओबी के नीचे गुलाब नगर के पास निजी जमीन होने और रेलवे लाइन की वजह से रुका था। यहां 270 मीटर लंबाई में आरसीसी पाइप डाले जाने बाकी हैं। नगर निगम ने लाइन के नीचे से पाइप निकालने की एवज में कई साल पहले रेलवे को करीब चार करोड़ रुपये जमा करवाया था। लेकिन रेलवे अधिकारियों ने काम शुरू नहीं किया। अब रेलवे द्वारा 78 लाख रुपये और अतिरिक्त खर्च बताया है। नगर निगम द्वारा यह रुपये भी जमा करवा दिए है। जल्द ही रेलवे द्वारा भी रेलवे लाइनों के नीचे पाइप डालने का कार्य शुरू किया जाएगा। मानसून से पहले यह काम पूरा होगा। इस परियोजना का कार्य पूरा होने से इस बार प्रोफेसर कॉलोनी, मॉडल टाउन, टैगोर गार्डन, लाजपत नगर, विजय कॉलोनी समेत विभिन्न कॉलोनियों में जलभराव नहीं होगा।