कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय भवन स्मारिका का करेंगे विमोचन
कुवि स्थापना दिवस पर कैंपस में गूँजेंगे हवन के मंत्र और लगेगी स्वदेशी संकल्प दौड
एनडी हिन्दुस्तान
कुरुक्षेत्र। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के 69वें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में 9 जनवरी, 2026 को विश्वविद्यालय परिसर में कुलपति प्रो. सोमनाथ सचदेवा के मार्गदर्शन में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है । इस ऐतिहासिक अवसर पर विश्वविद्यालय ऑडिटोरियम (क्रश हॉल) में सुबह 10.30 बजे भव्य हवन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें प्रदेश के शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे । शिक्षा मंत्री इस गौरवपूर्ण अवसर पर कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय भवन स्मारिका का विमोचन और विश्वविद्यालय की उपलब्धियों पर आधारित एक विशेष प्रदर्शनी का अवलोकन भी करेंगे। इसके साथ ही शिक्षा मंत्री जनसंचार एवं मीडिया प्रौद्योगिकी संस्थान के अटल संचार भवन का उद्घाटन भी करेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता कुवि कुलपति प्रोफेसर सोमनाथ सचदेवा करेंगे। इस समारोह में कुलसचिव लेेफ्टिनेंट प्रो. वीरेन्द्र पाल सहित विश्वविद्यालय के सभी शिक्षक, गैर-शिक्षण कर्मचारी और विद्यार्थी उत्साहपूर्वक भाग लेंगे ।लोक सम्पर्क विभाग के निदेशक प्रो. महासिंह पूनिया ने बताया कि इसी दिन स्वामी विवेकानंद जी जयंती के उपलक्ष्य में विश्वविद्यालय द्वारा रन फॉर स्वदेशी (स्वदेशी संकल्प दौड) का भी आयोजन किया जा रहा है । इस दौड़ के लिए विभिन्न विभागों यूआईईटी, आईआईएचएस, मीडिया संस्थान यूटीडी और विधि संकाय के हजारों विद्यार्थियों को आमंत्रित किया गया है । यह दौड़ सुबह 10 बजे विभिन्न विभागों से शुरू होकर विश्वविद्यालय ऑडिटोरियम पर समाप्त होगी, जिसके बाद सभी प्रतिभागी स्थापना दिवस के मुख्य कार्यक्रम का हिस्सा बनेंगे। विश्वविद्यालय के सभी शिक्षण और गैर-शिक्षण कर्मचारियों को इस प्रतिष्ठित आयोजन को सफल बनाने के लिए आमंत्रित किया गया है।