स्टार्टअप सफलता के लिए बाजार ज्ञान व वित्तीय सहयोग जरूरीः अमित नारंग
एनडी हिन्दुस्तान
यमुनानगर। डीएवी गर्ल्स कॉलेज में इंस्टीट्यूशन इनोवेशन काउंसिल (आईआईसी) एवं वाणिज्य विभाग की ओर से नेशनल स्टार्टअप डे उत्साहपूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को स्टार्टअप संस्कृति, उद्यमिता और सरकारी योजनाओं की जानकारी देकर स्वरोजगार के प्रति प्रेरित करना रहा। कार्यक्रम में चंडीगढ़ स्थित पेयमॉर्ट इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के फाउंडर अमित नारंग मुख्य अतिथि तथा एमएसएमई विभाग की ज्वाइंट डायरेक्टर सुनीता कात्याल विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। बैंक ऑफ बडौदा के चीफ मैनेजर राजेश श्रीवास्तव मौजूद रहे। इस दौरान कैंपस स्टार्टअप कार्निवाल का आयोजन किया गया। जिसमें छात्राओं ने विभिन्न प्रकार के स्टॉल लगाए। बेस्ट स्टार्टअप के लिए डिप्लोमा इन योगा की छात्रा ने पहला, बीएससी फैशन डिजाइनिंग की अशमीत ने दूसरा तथा पीजी डिप्लोमा इन फैशन डिजाइनिंग की महक व एकता को तृतीय पुरस्कार से नवाजा गया।कार्यक्रम की अध्यक्षता कॉलेज की कार्यवाहक प्रिंसिपल डॉ. सुरिंद्र कौर, आईआईसी कनवीनर विवेक तथा वाणिज्य विभागाध्यक्ष डॉ. मीनाक्षी सैनी ने संयुक्त रूप से की। वाणिज्य विभाग की एसोसिएट प्रोफेसर निशी ग्रोवर कार्यक्रम की को-ऑर्डिनेटर रहीं।मुख्य वक्ता अमित नारंग ने कहा कि किसी भी स्टार्टअप को सफलतापूर्वक विकसित करने के लिए रिलेशनशिप मैनेजमेंट, बाजार की गहरी समझ, वित्तीय सहायता एवं प्रभावी क्रियान्वयन अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने छात्राओं को नवाचार आधारित सोच अपनाने, जोखिम लेने और निरंतर सीखते रहने की सलाह दी।एमएसएमई विभाग की ज्वाइंट डायरेक्टर सुनीता कात्याल ने केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि माइक्रो एंटरप्रेन्योर को 50 लाख रुपये तक का ऋण उपलब्ध कराया जाता है। शहरी क्षेत्र में कार्यरत महिलाओं को 25 प्रतिशत तथा ग्रामीण क्षेत्र में 35 प्रतिशत तक सब्सिडी प्रदान की जाती है। इसके अलावा खाद्य पदार्थों से संबंधित स्टार्टअप शुरू करने पर मशीनरी के लिए एक करोड़ रुपये तक का प्रावधान है, जिसमें 35 प्रतिशत सब्सिडी दी जाती है।कार्यक्रम के दौरान इनोवेशन एंबेस्डर स्टाफ व स्टूडेंट्स को बैंज व प्रशंसा पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। मौके पर पारूल सिंह, नेहा, ममता, मनिका, मंजीत, डॉ मधुबाला, पूजा सिंदवानी, डॉ शिखा, ज्योति व नीलम उपस्थित रहीं।