डॉ. प्रितिका ने 3 लाख रुपये का अनुदान देकर कुवि में फेलोशिप स्थापना का रखा प्रस्ताव
एनडी हिन्दुस्तान
कुरुक्षेत्र। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में शिक्षा और शोध को बढ़ावा देने की दिशा में एक सराहनीय पहल सामने आई है। स्वर्गीय डॉ. सोमवीर जाखड़ की स्मृति में उनकी पत्नी डॉ. प्रितिका द्वारा “डॉ. सोमवीर जाखड़ मेमोरियल फेलोशिप” स्थापित करने का प्रस्ताव कुलगुरु प्रो. सोमनाथ सचदेवा को सौंपा गया। इसके तहत डॉ. प्रितिका ने कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी एलुमनी एसोसिएशन (कुका) के माध्यम से 3 लाख रुपये की राशि का चैक मंगलवार को कुलगुरु प्रो. सोमनाथ सचदेवा को भेंट किया। यह फेलोशिप विश्वविद्यालय के मेधावी विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से शुरू की जाएगी और एम.एससी. (बॉटनी) के टॉपर छात्र को प्रदान की जाएगी।कुलगुरु प्रो. सोमनाथ सचदेवा ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा, “डॉ. सोमवीर जाखड़ की स्मृति में प्रस्तावित यह फेलोशिप न केवल उनके उत्कृष्ट शैक्षणिक योगदान को सम्मानित करेगी, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत भी बनेगी। ऐसे प्रयास विश्वविद्यालय में प्रतिभा को प्रोत्साहित करने और शोध संस्कृति को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।”कुलसचिव प्रो. वीरेन्द्र पाल ने कहा कि यह पहल निश्चित रूप से विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक साबित होगी और शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्टता को नई दिशा देगी।कुका के निदेशक प्रो. अनिल मित्तल ने बताया कि स्वर्गीय डॉ. सोमवीर जाखड़ विश्वविद्यालय के प्रतिभाशाली पूर्व छात्र रहे हैं। उन्होंने बॉटनी में एम.एससी. और पीएचडी के बाद एक सफल शैक्षणिक करियर बनाया। वे वर्ष 2012 से 2023 तक असिस्टेंट प्रोफेसर और उसके बाद मई 2025 तक एसोसिएट प्रोफेसर के पद पर कार्यरत रहे। शिक्षा के क्षेत्र में उनका योगदान उल्लेखनीय रहा है।इस अवसर पर कुलसचिव प्रो. वीरेन्द्र पाल, कुका निदेशक प्रो. अनिल मित्तल, उपनिदेशक डॉ. कंवल गर्ग, प्रो. नरेन्द्र सिंह और डॉ. सुमन मेहंदिया सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।