Home Karnal news शिक्षा केवल डिग्री नहीं, व्यक्तित्व निर्माण का सबसे बड़ा माध्यम: डॉ. चौहान

शिक्षा केवल डिग्री नहीं, व्यक्तित्व निर्माण का सबसे बड़ा माध्यम: डॉ. चौहान

by ND HINDUSTAN
0 comment

गोंदर की बेटियां पहुंचीं ग्रामीण विकास संस्थान

एनडी हिन्दुस्तान

नीलोखेड़ी/करनाल।  
हरियाणा ग्रामीण विकास संस्थान के निदेशक डॉ. वीरेंद्र सिंह चौहान ने  कहा कि ग्रामीण क्षेत्र की बेटियों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, आवश्यकता केवल सही मार्गदर्शन और अवसर की होती है। शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक जागरूकता, नैतिक मूल्यों और आत्मनिर्भरता को भी अपने जीवन का हिस्सा बनाएं, ताकि वे समाज में सकारात्मक परिवर्तन ला सकें। डॉ. वीरेंद्र सिंह चौहान आज संस्थान के सभागार में पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय गोंदर की छात्राओं को संबोधित कर रहे थे।  विद्यालय की नौवीं, दसवीं, ग्यारहवीं एवं बारहवीं कक्षा की छात्राएं आज हरियाणा ग्रामीण विकास संस्थान नीलोखेड़ी में एक्सपोजर विजिट पर आई थी ।

 डॉ. वीरेंद्र सिंह चौहान ने कहा कि शिक्षा केवल नौकरी पाने का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण और समाज को नई दिशा देने का सबसे सशक्त साधन है। उन्होंने कहा कि बेटियां आज किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं हैं और यदि वे आत्मविश्वास, अनुशासन और मेहनत को अपना लक्ष्य बना लें तो देश और समाज का नाम रोशन कर सकती हैं। उन्होंने छात्राओं को जीवन में बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने के लिए निरंतर प्रयास करने की प्रेरणा दी।

 डॉ. चौहान ने पूर्व राष्ट्रपति डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम के जीवन का उल्लेख करते हुए कहा कि साधारण परिवार से निकलकर देश के सर्वोच्च पद तक पहुंचने वाले डॉ. कलाम ने यह सिद्ध किया कि संघर्ष और मेहनत से हर मंजिल हासिल की जा सकती है। उन्होंने कहा कि युवाओं को डॉ. कलाम के जीवन से प्रेरणा लेकर अपने अंदर वैज्ञानिक सोच, अनुशासन और देशभक्ति की भावना विकसित करनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि मातृभाषा हमारी संस्कृति, सभ्यता और पहचान की आत्मा होती है। हिंदी केवल संवाद का माध्यम नहीं बल्कि भारतीय संस्कारों और भावनाओं को जोडऩे वाली भाषा है। उन्होंने कहा कि हमें अपनी मातृभाषा पर गर्व होना चाहिए और दैनिक जीवन में हिंदी को अधिक से अधिक अपनाकर आने वाली पीढिय़ों को भी अपनी संस्कृति से जोडक़र रखना चाहिए।

डॉ. वीरेंद्र सिंह चौहान ने छात्राओं से उनकी समस्याओं और विद्यालयों में आने वाली चुनौतियों के बारे में जानकारी ली। उन्होंने छात्राओं को आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने और शिक्षा के माध्यम से अपने भविष्य को मजबूत बनाने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर हरियाणा ग्रामीण विकास संस्थान के सहायक आचार्य सुशील मेहता, संदीप कुमार, कमलदीप सांगवान, राष्ट्रीय ग्रामीण विकास संस्थान से वरिष्ठ सलाहकार गुरविंदर सिंह, स्टेट पंचायत रिसोर्स सेंटर से नीलम छिकारा सहित विद्यालय के शिक्षकगण एवं छात्राएं उपस्थित रहीं।

You may also like

Leave a Comment

NewZdex is an online platform to read new , National and international news will be avavible at news portal

Edtior's Picks

Latest Articles

Are you sure want to unlock this post?
Unlock left : 0
Are you sure want to cancel subscription?