एनडी हिन्दुस्तान
चंडीगढ़। हरियाणा में आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती देने की दिशा में राज्यपाल एवं हरियाणा राज्य रेड क्रॉस सोसायटी के अध्यक्ष प्रो. असीम कुमार घोष द्वारा गुरुवार को हरियाणा लोक भवन चंडीगढ़ से 9 नई एंबुलेंस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस मौके पर लेडी गवर्नर मित्रा घोष भी मौजूद थीं। गौरतलब है कि माननीय राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष ने अपने जन्मदिवस के उपलक्ष्य में मानवीय सेवाओं को और सशक्त बनाने के उद्देश्य से 9 नई एंबुलैंस हरियाणा राज्य रेडक्रॉस को भेंट करने की घोषणा की गई थी। उसी घोषणा के अनुरूप अब इन नई एंबुलेंस को हरियाणा लोक भवन से रवाना कर मानवीय सेवाओं हेतु समर्पित किया गया। जिसका अनुमानित लागत मूल्य राशि 1 करोड़ रुपये है।
राज्यपाल ने कहा कि रेड क्रॉस की मानवीय गतिविधियां समाज के लिए प्रेरणादायक है और हर जिले में एंबुलेंस उपलब्ध कराने का प्रयास जरूरतमंदों को समय पर मदद देने की दिशा में महत्त्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा जरूरतमंद मरीजों तक समय पर चिकित्सा सहायता पहुंचाने में एंबुलेंस की अहम भूमिका होती है और रेडक्रॉस के माध्यम से यह सेवा समाज के लिए बडी राहत साबित होगी। हरियाणा के राज्यपाल के रूप में उनका सपना है कि राज्य के प्रत्येक जिले में रेडक्रास सोसायटी के पास कम से कम एक एंबुलेंस हो, ताकि हरियाणा रेडक्रास सोसायटी जरूरतमंद लोगों को सेवाएं और त्वरित सहायता उपलब्ध कराने में अग्रणी बन सके। इन एंबुलेंस का उपयोग राज्य के सभी जिलों में गरीब एवं जरूरतमंद लोगों के लिए निःशुल्क किया जायेगा।