12 वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2026 के उपलक्ष्य में योग संगोष्ठी का आयोजन
योग युक्त, नशा मुक्त हरियाणा के संकल्प को मिला बल
एनडी हिन्दुस्तान
कुरुक्षेत्र। जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. मंजू शर्मा ने कहा कि 21 जून 2026 को 12 वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का जिला स्तरीय मुख्य कार्यक्रम कुरुक्षेत्र के महाभारत अनुभव केंद्र ज्योतिसर में आयोजित किया जाएगा। योग स्वस्थ शरीर, शांत मन और श्रेष्ठ जीवन का आधार है। योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाकर हम न केवल स्वयं को स्वस्थ रख सकते हैं, बल्कि एक स्वस्थ, जागरूक एवं नशामुक्त समाज के निर्माण में भी महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं।12 वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2026 के उपलक्ष्य में श्री कृष्ण आयुष विश्वविद्यालय कुरुक्षेत्र में आयुष विभाग कुरुक्षेत्र एवं श्री कृष्ण आयुष विश्वविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में एक योग संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन की थीम योग युक्त, नशा मुक्त हरियाणा अभियान के अंतर्गत सुबह 11 बजे विश्वविद्यालय परिसर में किया गया।इस बैठक में श्री कृष्ण आयुष विश्वविद्यालय कुरुक्षेत्र कुलपति प्रो. (वैद्य) करतार सिंह धीमान, भारतीय योग संस्थान के संगठन मंत्री गुलशन कुमार, जिला योग कोऑर्डिनेटर डॉ. जागीर सिंह, एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. शीतल, सहायक प्रोफेसर डॉ. शंभू दयाल एवं डॉ. मोहित भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे।प्रो. (वैद्य) करतार सिंह धीमान ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि शरीर, मन और आत्मा के समन्वय का विज्ञान है। महर्षि पतंजलि द्वारा प्रतिपादित अष्टांग योग के आठ अंग—यम, नियम, आसन, प्राणायाम, प्रत्याहार, धारणा, ध्यान एवं समाधि—व्यक्ति के समग्र विकास का मार्ग प्रशस्त करते हैं। उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास से शरीर स्वस्थ, मन शांत तथा विचार सकारात्मक बनते हैं।संगोष्ठी में डॉ. मोनिका एवं डॉ. प्रगति भूटानी (एएमओ) ने कहा कि वर्तमान जीवन शैली में बढ़ते तनाव, चिंता, अनिद्रा एवं अन्य जीवन शैली जनित रोगों के समाधान में योग अत्यंत प्रभावी भूमिका निभाता है। योग शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाने के साथ-साथ मानसिक संतुलन, आत्मानुशासन एवं आत्मविश्वास का भी विकास करता है।स्वस्थ विभाग की ओर से डॉ. शीतल के मार्गदर्शन में आयुष विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा योग प्रश्नोत्तरी का आयोजन किया गया, जिसके माध्यम से प्रतिभागियों में योग के प्रति जागरूकता एवं रुचि को बढ़ावा दिया गया। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित जनों ने योग युक्त, नशा मुक्त हरियाणा के संकल्प को दोहराते हुए योग को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया।इसी क्रम में यूथ हॉस्टल, पिपली में कॉमन योग प्रोटोकॉल का अभ्यास भी करवाया गया, जिसमें 47 प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस अवसर पर एडीसी कार्यालय कोऑर्डिनेटर मोहनलाल सैनी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने प्रतिभागियों को योग को दैनिक जीवन का अभिन्न अंग बनाने के लिए प्रेरित किया।