रसोई गैस की कीमतें भी घटाए सरकार – दीपेन्द्र हुड्डा
कच्चे तेल की अंतर्राष्ट्रीय कीमतों में भारी गिरावट का फायदा जनता को क्यों नहीं दे रही सरकार – दीपेन्द्र हुड्डा
कच्चे तेल की कीमतें 70 डॉलर प्रति बैरल के आसपास गिरने के साथ ही दुनिया के कई देशों में पेट्रोल-डीजल के दाम कम हुए, लेकिन भारत में लोग महंगा तेल खरीदने को मजबूर-दीपेन्द्र हुड्डा
युद्ध की आड़ में भाजपा सरकार ने कमर्शियल LPG, घरेलू सिलेंडर, 5 किलो का छोटा सिलेंडर और CNG समेत हर चीज़ महँगी कर दी – दीपेन्द्र हुड्डा
जो सरकार आम लोगों के दो वक़्त की रोटी को भी महंगा कर दे उसे सत्ता में एक पल भी रहने का हक नहीं– दीपेन्द्र हुड्डा
एनडी हिन्दुस्तान
चंडीगढ़। सांसद दीपेन्द्र हुड्डा ने पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की कीमतों में कमी के बावजूद देश में दाम नहीं घटाने पर केंद्र सरकार को आड़े हाथ लेते हुए कहा कि बीजेपी सरकार जनता को लूटने में कोई कसर बाकी नहीं छोड़ रही है। उन्होंने कहा कि अमेरिका ईरान युद्ध खत्म होने के बाद अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल का भाव गिरकर 70 डॉलर प्रति बैरल के आसपास हो गया है। लेकिन, बीजेपी सरकार बेंट क्रूड की कीमतों में भारी गिरावट का फायदा देश की जनता को नहीं दे रही है। जबकि कच्चे तेल की कीमतें गिरने के साथ ही दुनिया के कई देशों में पेट्रोल-डीजल के दाम कम हुए हैं। बांग्लादेश, म्यांमार, भूटान जैसे पड़ोसी देशों ने भी अपने यहाँ दाम घटा दिए। लेकिन भारत की राजधानी दिल्ली में पेट्रोल करीब ₹102.12 प्रति लीटर और डीजल ₹95.20 प्रति लीटर के आसपास बिक रहा है। दीपेन्द्र हुड्डा ने मांग करी कि सरकार पेट्रोल-डीजल, रसोई गैस के दाम तुरंत घटाए और लोगों को महंगाई से राहत दिलाए। उन्होंने कहा कि अमेरिका ईरान युद्ध की आड़ में भाजपा सरकार ने कमर्शियल LPG के दाम दोगुने कर दिये। वहीं घरेलू सिलेंडर, रेहड़ी-पटरी वाले दुकानदारों, मजदूरों, अल्प आय वाले गरीबों के काम आने वाला 5 किलो के छोटा सिलेंडर और CNG हर चीज़ महँगी कर दी। अब जब सप्लाई सामान्य हो चुकी है, तो LPG के बढ़े हुए दाम क्यों नहीं घटाए जा रहे हैं। इसी तरह कच्चे तेल की कीमतों में भारी गिरावट होने के बावजूद केंद्र सरकार पेट्रोल और डीजल के दाम कम नहीं कर रही है। उन्होंने कहा कि जब कच्चा तेल महंगा हुआ तो जनता पर उसका सारा बोझ डाल दिया गया, अब कच्चा तेल सस्ता हो गया तो भी लोगों को महंगाई से कोई राहत नहीं दी जा रही है। दीपेन्द्र हुड्डा ने कहा कि पेट्रोल-डीजल का रेट बढ़ने से अन्य चीजों के दाम के साथ साथ महंगाई भी आसमान छू रही है। डीजल का दाम बढ़ने से सबसे ज्यादा नुकसान किसानों को हो रहा है। इससे खेती की लागत बढ़ गई है। ट्रांसपोर्ट का खर्च बढ़ने से आम उपभोग की हर वस्तु महंगी होती जा रही है। उन्होंने बेकाबू रफ्तार से बढ़ रही महंगाई पर गहरी चिंता जाहिर करते हुए कहा कि पहले से ही महंगाई से त्रस्त जनता पर रोजाना महंगाई की मार से उनका जीना दुश्वार हो गया है। पेट्रोल-डीजल, रसोई गैस मूल्य वृद्धि ने सीधे तौर पर लोगों के घर की रसोई पर प्रहार किया है। महंगाई से त्रस्त जनता कह रही है कि अच्छे दिन आये नहीं अच्छे दिन चले गये। आम गरीब और मध्यम वर्ग के लोगों को घर चलाना मुश्किल हो गया है। दीपेन्द्र हुड्डा ने कहा कि जो सरकार आम लोगों के दो वक़्त की रोटी को भी महंगा कर दे उसे सत्ता में एक पल भी रहने का हक नहीं है। सांसद दीपेन्द्र हुड्डा ने मांग करी कि सरकार आम जनता को महंगाई से राहत देने के लिए तुरंत जरूरी उपाय करे।